रायपुर (ईएमएस)। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने बालोद जिले में भाजपा नेताओं पर दर्ज आपराधिक प्रकरण को राजनीतिक बताते हुए वापस लिए जाने पर कड़ी आपत्ति जताई है। उन्होंने इसे आदिवासी पीड़ितों के साथ अन्याय करार दिया है। श्री बैज ने कहा कि 1 मई 2022 को तुएगोंदी गांव में आदिवासी समाज के लोग अपनी पारंपरिक कार्यक्रम का निर्वहन कर रहे थे, उसी दौरान भाजपा नेताओं पर समूह बनाकर हमला करने का आरोप है। मामले में तलवार, चाकू और लाठी से मारपीट, गंभीर चोट पहुंचाने तथा हत्या के प्रयास जैसे आरोप लगाए गए थे। इस संबंध में थाना मुंगघुवा, जिला बालोद में अपराध क्रमांक 16/22 एवं प्रकरण क्रमांक 58/23 के तहत धारा 307, 120बी, 147, 148, 149, 294, 323, 506, 25, 27 आर्म्स एक्ट तथा 3(2)(ट) एससी/एसटी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया था। श्री बैज ने कहा कि ऐसे गंभीर आपराधिक मामलों को राजनीतिक प्रकरण बताकर वापस लेना न्याय प्रक्रिया पर प्रश्नचिह्न खड़ा करता है। उन्होंने पूछा कि जब मामला न्यायालय में विचाराधीन है तो सरकार इसे राजनीतिक बताकर कैसे वापस ले सकती है। मामले की वापसी की सूचना के बाद तुएगोंदी गांव के आदिवासी समाज के लोगों ने बालोद कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर विरोध प्रदर्शन किया और न्याय की मांग की। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने मांग की है कि आरोपियों के खिलाफ दर्ज आपराधिक प्रकरण को वापस न लिया जाए तथा दोषियों को कड़ी सजा दिलाई जाए। सत्यप्रकाश/चंद्राकर/12 फरवरी 2026