* अगले 7 दिनों तक तापमान में बड़े बदलाव के आसार नहीं; 13, 16 और 17 फरवरी को सक्रिय होंगे वेस्टर्न डिस्टर्बेंस अहमदाबाद (ईएमएस)| शहर सहित पूरे गुजरात में इन दिनों अजीबोगरीब मौसम देखने को मिल रहा है। नागरिक ‘दोहरी ऋतु’ का अनुभव कर रहे हैं, जहां सुबह के समय हल्की गुलाबी ठंड महसूस हो रही है, वहीं दोपहर में तेज़ धूप और गर्मी परेशान कर रही है। मौसम विभाग और विशेषज्ञों के ताज़ा अपडेट के अनुसार, आगामी 7 दिनों तक तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। अहमदाबाद में न्यूनतम तापमान 15 से 18 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 30 से 32 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। मौसम विभाग के अनुसार, 13 फरवरी से एक नया वेस्टर्न डिस्टर्बेंस सक्रिय होने जा रहा है। इसका सीधा असर उत्तर भारत में देखने को मिलेगा, जहां बारिश और हिमपात की संभावना है। हालांकि गुजरात में इसका केवल परोक्ष प्रभाव पड़ेगा। राज्य के कुछ हिस्सों में बादल छाए रह सकते हैं, लेकिन फिलहाल बारिश या मावठे की कोई प्रबल संभावना नहीं है। इसके अलावा 16 और 17 फरवरी को भी एक और वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के सक्रिय होने के संकेत हैं। इसके प्रभाव से उत्तर-पूर्व से पश्चिम दिशा की हवाएं 15 से 20 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती हैं। इस बदलाव के कारण तापमान में 1 से 2 डिग्री की हल्की गिरावट संभव है या तापमान स्थिर रह सकता है। फिलहाल अहमदाबाद का न्यूनतम तापमान 18°C और अधिकतम 31-32°C दर्ज किया गया है, जो सामान्य से थोड़ा अधिक है। मौसम के इस मिश्रित स्वरूप के चलते सर्दी-खांसी जैसे वायरल संक्रमण का खतरा बढ़ सकता है। मौसम विभाग ने नागरिकों को सलाह दी है कि वे सुबह ठंड से बचाव करें और दोपहर में तेज धूप से सतर्क रहें। किसानों के लिए फिलहाल कोई बड़ी चिंता की बात नहीं है, क्योंकि राज्य में बारिश की संभावना बहुत कम है। सतीश/12 फरवरी