इन्दौर (ईएमएस) क्षेत्रीय रेल उपयोगकर्ता परामर्शदात्री समिति के पूर्व सदस्य जगमोहन वर्मा ने इंदौर से नागपुर के बीच संचालित होने वाली दो ट्रेनों को रायपुर तक बढ़ाने की मांग रेलवे से की है। इस संबंध में वर्मा ने सांसद शंकर लालवानी के माध्यम से केंद्रीय रेल मंत्री और पश्चिम रेलवे के महाप्रबंधक, मुंबई को पत्र लिखा है। वर्मा ने पत्र में मांग की है कि इंदौर से नागपुर के बीच चलने वाली ट्रेन संख्या 12913 और ट्रेन संख्या 12923 (त्रिशताब्दी एक्सप्रेस) को वर्तमान सीमित दिनों के बजाय प्रतिदिन चलाया जाए और इनका विस्तार रायपुर तक किया जाए। इस विस्तार से जहां भिलाई, दुर्ग और राजनांदगांव के यात्रियों को सीधी रेल सुविधा मिल सकेगी वहीं इससे मध्यप्रदेश, महाराष्ट्र और छत्तीसगढ़ के बीच रेल कनेक्टिविटी मजबूत होगी। वर्मा ने इनके ट्रैनों के इंदौर स्टेशन पर ठहराव समय को 5 मिनट से बढ़ाकर 10 मिनट करने की मांग भी रखी है। क्योंकि कम ठहराव समय के कारण वरिष्ठ नागरिकों, महिलाओं और भारी सामान के साथ यात्रा करने वाले यात्रियों को काफी परेशानी होती है। आनंद पुरोहित/ 12 फरवरी 2026