क्षेत्रीय
12-Feb-2026


पुलिस कार्रवाई पर उठाए सवाल, १७ से करेंगे आंदोलन छिंदवाड़ा (ईएमएस)। कोयलांचल के परासिया विकासखंड में जहरीले कफ सिरप कोल्ड्रिफ से हुई २४ बच्चों के मौत के मामले में परिजनों ने पुलिस कार्रवाई पर सवाल उठाए हैं। परिजनों का कहना है कि पर्याप्त सबूत होने के बावजूद आरोपियों को न तो गिरफ्तार किया गया और न ही उनके नाम विधिवत कार्रवाई में शामिल किए गए। परिजनों के मुताबिक पुलिस ने इस मामले में चालान पेश तो कर दिया, लेकिन दो चिकित्सकों के नामो का एफआईआर में जिक्र तक नहीं किया गया। परिजनों ने आरोप लगाते हुए कहा कि पुलिस ने पूरे मामले में लीपापोती की है। अब तक पुलिस द्वारा की गई कार्रवाई से नाराज बच्चों के परिजनों ने अब आंदोलन का रास्ता चुना है। नाराज परिजन अब १७ फरवरी से परासिया थाने के सामने अनिश्चितकालीन धरना देंगे। इसके लिए मृत बच्चों के परिजनों ने एसडीएम कार्यालय में आवेदन भी दिया है। कार्रवाई नहीं तो अनिश्चितकालीन धरना बच्चों के परिजनों ने दो डॉक्टरों जिसमें डॉ अमन सिद्दकी और डॉ एसएस ठाकुर पर कार्रवाई न होने से नाराज है। उनका आरोप है कि कई नवजात बच्चों को कोल्ड्रिफ कफ सिरप इन्हीं डॉक्टरों द्वारा लिखा गया था, लेकिन जांच अधिकारी ने उन्हें आरोपी नहीं बनाया। इसी बात से परिजनों में गहरा आक्रोश है। परिजनों का कहना है कि यदि १६ फरवरी तक कार्रवाई नहीं हुई तो १७ फरवरी से वे अनिश्चितकालीन शांतिपूर्वक आंदोलन करेंगे। दूसरी तरफ पुलिस का कहना है कि उपलब्ध कराए गए साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई की गई है और सभी प्रक्रियाओं का पालन किया गया है। ईएमएस।/मोहने/ 12 फरवरी 2026