क्षेत्रीय
12-Feb-2026


निर्धारित पार्किंग स्थल होने के बावजूद परिसर में खड़े हो रहे वाहन छिंदवाड़ा (ईएमएस)। मेडिकल कॉलेज से संबद्ध जिला अस्पताल परिसर इन दिनों अव्यवस्थित पार्किंग का शिकार हो गया है। हालात ऐसे हैं कि पूरा परिसर सायकल स्टैंड जैसा नजर आने लगा है। ठेकेदार और उनके कर्मचारियों द्वारा अस्पताल परिसर में जहां-तहां दोपहिया और चारपहिया वाहन खड़े किए जा रहे हैं, जबकि वाहन स्टैंड के लिए अलग से निर्धारित स्थान मौजूद है। इसके बावजूद नियमों की खुलेआम अनदेखी की जा रही है। अव्यवस्थित पार्किंग के कारण मरीजों और उनके परिजनों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ठेके से जुड़े कर्मचारी सुविधा के लिए अपने वाहन परिसर के भीतर ही खड़े कर देते हैं। सुरक्षा कर्मियों द्वारा भी इस पर प्रभावी रोक नहीं लगाई जा रही है। निर्धारित पार्किंग स्थल खाली रहने के बावजूद मुख्य मार्गों और भवनों के आसपास वाहन खड़े दिखाई देते हैं। एंबुलेंस निकलने नहीं मिलता रास्ता अस्पताल परिसर में ओपीडी, इमरजेंसी और विभिन्न वार्डों के सामने तक वाहन खड़े मिलते हैं। कई बार स्थिति इतनी गंभीर हो जाती है कि एंबुलेंस को निकलने तक के लिए रास्ता नहीं मिलता। गंभीर मरीजों को लेकर आने वाली एंबुलेंस को बीच रास्ते में रुकना पड़ता है, जिससे उपचार में देरी होने की आशंका बनी रहती है। अस्पताल आने वाले ग्रामीण और दूरदराज के मरीजों के परिजन भी इस अव्यवस्था से खासे परेशान हैं। व्यवस्था पर उठ रहे सवाल अस्पताल प्रबंधन की निष्क्रियता पर भी सवाल उठ रहे हैं। मरीजों का कहना है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। यदि समय रहते व्यवस्था नहीं सुधारी गई तो किसी भी दिन आपातकालीन स्थिति में बड़ा हादसा हो सकता है। लोगों का कहना है कि स्वास्थ्य विभाग और अस्पताल प्रशासन को चाहिए कि परिसर में सख्त पार्किंग व्यवस्था लागू की जाए, नियम तोडऩे वालों पर जुर्माना लगाया जाए और एंबुलेंस मार्ग को पूरी तरह खाली रखा जाए। अस्पताल जैसे संवेदनशील स्थान पर अव्यवस्था न केवल असुविधा का कारण है, बल्कि यह मरीजों के साथ जोखम भरा भी है। ईएमएस।/मोहने/ 12 फरवरी 2026