- सेंसेक्स 850 अंक टूटा, निफ्टी 25,550 के नीचे नई दिल्ली (ईएमएस)। वैश्विक बाजारों से मिले कमजोर संकेतों के बीच शुक्रवार को भारतीय शेयर बाजारों में गिरावट का सिलसिला जारी रहा। प्रमुख सूचकांक बीएसई सेंसेक्स 82,985 के स्तर पर खुला, जो करीब 690 अंकों की गिरावट दर्शाता है। वहीं निफ्टी 50 भी 25,589 पर खुला और इसमें लगभग 0.85 प्रतिशत की कमजोरी दर्ज की गई। सेंसेक्स के 30 में से 26 शेयर लाल निशान में कारोबार करते दिखाई दिए, जिससे व्यापक बिकवाली का संकेत मिला। गिरावट का सबसे अधिक असर आईटी शेयरों पर रहा। निफ्टी आईटी में करीब 5 प्रतिशत की तेज गिरावट दर्ज की गई। इंफोसिस में लगभग 5.6 प्रतिशत की कमजोरी आई, जबकि टीसीएस, एचसीएल टेक्नोलॉजी और टेक महिंद्रा भी दबाव में रहे। इसके अलावा मेटल, मीडिया और एफएमसीजी सेक्टरों में भी गिरावट देखी गई। बाजार की अस्थिरता का संकेत देते हुए इंडिया वीआईएक्स में लगभग 4 प्रतिशत की तेजी दर्ज की गई। मिडकैप और स्मॉलकैप सूचकांकों में भी 1 प्रतिशत से अधिक की गिरावट रही। हालांकि गिरते बाजार में कुछ शेयरों ने सीमित सहारा दिया। इस बीच जनवरी 2026 के लिए जारी उपभोक्ता मूल्य सूचकांक आधारित महंगाई दर 2.75 प्रतिशत रही। खाद्य पदार्थों और कीमती धातुओं की कीमतों में बढ़ोतरी के कारण महंगाई में इजाफा हुआ। नई सीपीआई श्रृंखला में आधार वर्ष 2012 से बदलकर 2024 कर दिया गया है। ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों में महंगाई दर लगभग समान स्तर पर दर्ज की गई। आज कई बड़ी और मझोली कंपनियां अपनी तिमाही आय के नतीजे पेश करेंगी। इनमें टोरेंट फार्मास्यूटिकल्स, जीएमआर एयरपोर्ट्स, सीमेंस एनर्जी इंडिया, इंफो एज इंडिया, अल्केम लैबोरेटरीज, फोर्टिस हेल्थकेयर, नारायण हृदयालय, आईपीसीए लैबोरेटरीज, आईटीआई, एनबीसीसी इंडिया, आईआरबी इंफ्रास्ट्रक्चर, इनॉक्स विंड, केफिन टेक्नोलॉजीज, ओला इलेक्ट्रिक मोबिलिटी और विजया डायग्नोस्टिक सेंटर जैसी कंपनियां शामिल हैं। इन कंपनियों के नतीजों का असर संबंधित शेयरों पर देखा जा सकता है।हीं एशियाई बाजारों में भी शुक्रवार को गिरावट का रुख देखने को मिला। अमेरिका में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस से जुड़ी अनिश्चितताओं और टेक शेयरों में बिकवाली का असर वैश्विक बाजारों पर पड़ा है। जापान का निक्केई 225 करीब 1.69 प्रतिशत गिरा, दक्षिण कोरिया का कोस्पी 0.5 प्रतिशत नीचे रहा, जबकि ऑस्ट्रेलिया का एसएंडपी एएसएक्स 200 लगभग 1.3 प्रतिशत कमजोर हुआ। अमेरिकी बाजारों में गुरुवार को जोरदार गिरावट दर्ज की गई। निवेशकों ने टेक्नोलॉजी शेयरों से दूरी बनाई, साथ ही आर्थिक आंकड़ों और कंपनियों के नतीजों का आकलन किया। एसएंडपी 500 में 1.57 प्रतिशत की गिरावट रही। नैस्डैक कंपोजिट 2.03 प्रतिशत टूटा, जबकि डॉव जोन्स इंडस्ट्रियल एवरेज 1.34 प्रतिशत नीचे बंद हुआ। सतीश मोरे/13फरवरी ---