व्यापार
13-Feb-2026
...


- 24 कैरेट सोना 1,54,569 प्रति 10 ग्राम, चांदी 2,42,372 रुपए प्र‎ति ‎किलो नई ‎दिल्ली (ईएमएस)। भारी बिकवाली के बाद शुक्रवार को सर्राफा बाजार में दमदार रिकवरी देखने को मिली। मल्टी कमो‎डिटी एक्सचेंज (एमसीएक्स) पर सुबह कारोबार शुरू होते ही सोना और चांदी की कीमतों में तेज उछाल दर्ज किया गया। निवेशकों के रुख में अचानक आए बदलाव ने बाजार का माहौल पूरी तरह बदल दिया। सुबह 24 कैरेट सोना 1,733 रुपये की तेजी के साथ 1,54,569 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया था। गुरुवार को आई भारी गिरावट के बाद यह उछाल बाजार में टेक्निकल बाउंस बैक माना जा रहा है। विशेषज्ञों के अनुसार निचले स्तर पर बड़ी खरीदारी ने दामों को सहारा दिया। मार्च वायदा चांदी 5,937 रुपये बढ़कर 2,42,372 रुपये प्रति किलोग्राम पर कारोबार करती दिखी। उल्लेखनीय है कि पिछली रात चांदी में 25,000 रुपये से ज्यादा की ऐतिहासिक गिरावट आई थी, जिसके बाद शुक्रवार की तेजी ने निवेशकों को राहत दी है। विशेषज्ञों का कहना है कि गिरावट के बाद वैल्यू बाइंग शुरू हुई। अंतरराष्ट्रीय बाजार में कॉमेक्स पर सोने की कीमतों में सुधार का असर भी घरेलू बाजार पर दिखा। साथ ही अमेरिकी डॉलर में नरमी और बॉन्ड यील्ड में ठहराव ने कीमती धातुओं को समर्थन दिया। सतीश मोरे/13फरवरी ---