खेल
13-Feb-2026


केनबरा (ईएमएस)। एफआईएच प्रो लीग के दूसरे चरण के मैच खेलने के लिए ऑस्ट्रेलिया पहुंची पाकिस्तान की हॉकी टीम को कई घंटे सड़क पर गुजारने पड़े हैं। इसका कारण ये रहा कि पाक हॉकी महासंध (पीएचएफ) ने बिल का भुगतान नहीं किया था। जिससे होटल ने बुकिंग रद्द कर दी। इसके बाद खिलाड़ियों और अधिकारियों को सड़क पर ही रहना पड़ा। वहीं पहले कहा गया था कि खिलाड़ियों और अधिकारियों के लिए कैनबरा में एक चार सितारा होटल में कमरे बुक किए गए थे पर जब खिलाड़ी केनबरा पहुंचे तो पता चला कि बुकिंग रद्द हो गयी है। टीम के मुख्य कोच ताहिर जमान टाइम जोन अलग होने के कारण पीएसबी और पीएचएफ अधिकारियों से संपर्क नहीं कर सके। ताहिर ने कहा कि लाहौर से लंबा सफर करके आए खिलाड़ियों के पास आराम करने की कोई जगह नहीं थी। कई घंटे इंतजार करने के बाद होटल प्रबंधन ने खिलाड़ियों को कुछ कमरे दिए। इसके बाद कहा गया कि कमरे उपलब्ध नहीं थे इसलिए एक ही कमरे में दो तीन खिलाड़ी रूके। टीम को पहले ही मैच में ऑस्ट्रेलिया के हाथों 2-3 से हार मिली। इससे पहले भी अर्जेंटीना में प्रो लीग के पहले चरण में खिलाड़ियों को दैनिक भत्ते नहीं मिले थे जिससे उन्हें काफी परेशानी हुई थी। कैनबरा में टीम के साथ कोई मैनेजर नहीं होने से भी खिलाड़ियों को अपनी बात रखने में परेशानी हुई। गिरजा/ईएमएस13 फरवरी 2026