13-Feb-2026
...


देवरी/सागर (ईएमएस)। देवरी में आगामी धार्मिक पर्वों को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से देवरी नगर पुलिस थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रशासनिक अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों तथा नगर के वरिष्ठ नागरिकों ने भाग लेकर विभिन्न व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की। बैठक में एसडीएम मुनव्वर खान, तहसीलदार प्रीति रानी चौरसिया तथा थाना प्रभारी हरिराम मानकर सहित नगर के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। अधिकारियों ने विशेष रूप से महाशिवरात्रि के अवसर पर नगर में आयोजित होने वाले शिव-पार्वती विवाह एवं बारात कार्यक्रमों की व्यवस्थाओं को लेकर संबंधित समितियों के पदाधिकारियों से चर्चा की। अधिकारियों ने समिति सदस्यों को निर्देश दिए कि सभी आयोजन शासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के अनुरूप किए जाएं। ध्वनि प्रदूषण से बचाव हेतु निर्धारित समय सीमा के अनुसार डीजे एवं अन्य ध्वनि विस्तारक यंत्र बंद करने के निर्देश भी दिए गए, ताकि आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न हो।बैठक में बताया गया कि नगर में चार अलग-अलग स्थानों से शिव बारात पारंपरिक गाजे-बाजे के साथ निकाली जाएगी। इस दौरान सुरक्षा, यातायात व्यवस्था एवं भीड़ नियंत्रण को लेकर पुलिस द्वारा विशेष व्यवस्था की जाएगी। साथ ही, एसडीएम ने नगरपालिका परिषद देवरी को पर्वों के दौरान साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था तथा आवश्यक नागरिक सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।बैठक में नगरपालिका प्रतिनिधि श्रीकृष्ण पांडे, कामरान खान, विद्युत विभाग से रमेश साहू, राजाराम दामले, सुरेश झिरा, विजय गुरु, गौरव पांडे, शुभम शर्मा सहित विभिन्न समितियों के सदस्य एवं नगर के नागरिक उपस्थित रहे। अधिकारियों ने सभी से आपसी समन्वय बनाए रखते हुए धार्मिक पर्वों को सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने की अपील की। निखिल सोधिया/ईएमएस/13/02/2026