13-Feb-2026
...


भोपाल(ईएमएस)। राजधानी की थाना हबीबगंज पुलिस ने मारपीट कर मोबाईल लूट की वारदात का खुलासा करते हुए घटना को अंजाम देने वाले बदमाशो को 24 घंटो के भीतर ही गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियो का सुराग जुटाने के लिये पुलिस ने 100 से ज्यादा सीसीटीवी कैमरे खंगाले, उनकी पहचान जुटाने के बाद आखिरकार मुखबिर की मदद से उन्हें दबोचते हुए लूटा गया मोबाईल फोन भी जप्त कर लिया है। थाना पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार ई-2/183 अरेरा कालोनी में रहने वाले फरियादी अशोक कुमार तिवारी पिता गेदल प्रसाद तिवारी (41) ने रिपोर्ट दर्ज कराते हुए बताया की बीते दिन 11 फरवरी को वह थाना इलाके में स्थित एक बार से मालिक अखंड मिश्रा के साथ उनकी मोटरसाइकिल से 11 मील से अपने घर के जाने के लिए निकले थे। रात करीब 12 बजे गणेश मंदिर के पास अखंड मिश्रा मुझे छोड़कर अपने घर के लिए चले गये। वहॉ से वह अपने घर ई 2 अरेरा कालोनी के लिए पैदल चल दिये। जैसे ही वह गणेश मंदिर बस स्टाप के सामने पहुंचे वहॉ खड़े दो आरोपी युवको ने बिना किसी कारण उन्हें गालिया देनी शुरु कर दी। दोनो शराब के नशे में दिख रहे थे, वह उन्हें नजर अंदाज कर आगे चल दिये तभी एक युवक ने उनके हाथ में रखा मोबाइल फोन झपट लिया। जब उन्होनें उसे पकडने की कोशिश की तभी दूसरे लडके ने अपने हाथ में रखे पत्थर से उनके सिर पर वार कर दिया। पत्थर लगने से उनके माथे पर बाई ओर चोट आई। उन्हें घायल कर दोनो युवक पटरी की ओर भाग गये। पुलिस ने मामला कायम कर आरोपियो का सुराग जुटाने के प्रयास शुरु कर दिये। पुलिस टीमो ने घटनास्थल की और से आने-जाने वाले करीब सौ से ज्यादा सीसीटीवी कैमरो के फुटेज खंगाले। सुरागो के आधार पर मुखबिर से सूचना मिली की मोबाइल लूट के आरोपी गणेश मंदिर के पास खड़े है। पुलिस ने फौरन ही घेराबंदी कर आरोपियो को पकड लिया। पूछताछ में आरोपियो की पहचान गोलू सनी एंथोनी पिता सेवियर एंथोनी (33) निवासी जैन मंदिर मद्रासी कॉलोनी के पास टी टी नगर और राज विशेष उर्फ बिट्टू पिता धूप सिंह (24) निवासी रोहित नगर बावड़िया कला भोपाल के रुप में हुई है। पूछताछ में आरोपियो ने बताया की वह घूमने के लिये निकले थे, और जल्दी पैसे कमाने की लालच में पैदल जा रहे फरियादी का मोबाईल फोन झपटकर उसका सिर फोडकर फरार हो गये। लूट की घटना के बाद आरोपी रेल्वे पटरी के पास गये और मोबाईल फोन को लोहे के मोटे पाइप के अंदर छिपाकर रख दिया था, फिर से भाग कर अपने घर चले गए थे। पुलिस ने उनकी निशानदेही पर फोन बरामद कर लिया है। पुलिस ने बताया की गिरफ्तार आरोपी आदतन बदमाश है। पकड़े गये गोलू सनी एंथोनी के खिलाफ टीटी नगर थाने में 7 और बजरिया थाने में 1 अपराधिक प्रकरण सहित आठ मामले दर्ज है, वहीं राज विशेष उर्फ बिट्टू के खिलाफ तीन मामले दर्ज है। पुलिस आरोपियो से अन्य वारदातो के संबध में पूछताछ कर रही है। जुनेद / 13 फरवरी