राष्ट्रीय
14-Feb-2026
...


पति भी दार्जिलिंग हिमालयन रेलवे में ही सीनियर सेक्शन इंजीनियर रह कर रिटायर हुए नई दिल्ली,(ईएमएस)। यूनेस्को द्वारा विश्व धरोहर घोषित हुई दार्जिलिंग हिमालयन रेलवे (डीएचआर) को 145 साल में सरिता योलमो के रूप में पहली बार महिला ट्रैवलिंग टिकट एग्जामिनर (टीटीआई) मिली हैं। 55 साल की योलमो को यहां क्वीन ऑफ हिल्स के नाम से मशहूर हेरिटेज जंगल सफारी टॉय ट्रेन में नियुक्ति दी गई है। इस बारे में योलमो ने बताया कि दार्जिलिंग हिमालयन रेलवे के इतिहास में पहली महिला टीटीई बनने पर वह बेहद गौरवान्वित महसूस कर रही हैं। 55 साल की टीटीई योलमो ने बताया कि पहली बार उन्होंने पांच फरवरी को न्यू जलपाईगुड़ी से दार्जिलिंग के बीच यूनेस्को द्वारा घोषित वर्ल्ड हेरिटेज टॉय ट्रेन में टीटीई के रूप में ड्यूटी की। उनका यह अनुभव यादगार हो गया। उन्होंने बताया कि उनके पति डी योलमो भी दार्जिलिंग हिमालयन रेलवे में ही सीनियर सेक्शन इंजीनियर थे। वह एक साल पहले ही रिटायर हुए हैं। उनकी बेटी विदेश से पढ़ाई कर रही हैं। वह इस टॉय ट्रेन में टूर ड्यूटी निभाएंगी। मूलरूप से दार्जिलिंग की योलमो ने कहा कि वह पहले एक यात्री के रूप में टॉय ट्रेन में यात्रा कर चुकी हैं। अब इस टॉय ट्रेन में टीटीई के रूप में कार्य करने पर उन्हें बहुत अच्छा लग रहा है। उन्होंने बताया कि न्यू जलपाईगुड़ी (एनजेपी) से दार्जिलिंग 88 किलोमीटर की यात्रा को पूरा करने में करीब आठ घंटे का वक्त लगता है। वे एनजेपी से सुबह 10 बजे वाली ट्रेन में सवार होकर शाम दार्जिलिंग पहुंचने के बाद रात दार्जिलिंग में ही रुकती है। फिर अगले दिन वह वापस आती हैं। उन्होंने कहा इससे पहले उन्होंने कभी भी टीटीई के रूप में कार्य नहीं किया। लेकिन फिर भी उन्होंने इस चैलेंज को कबूल करते हुए यह जिम्मेदारी ली। वहीं नॉर्थ-ईस्ट फ्रंटियर रेलवे के सीपीआरओ ने बताया कि योलमो इस विश्व धरोहर रेलवे पर प्रतिष्ठित टूर ड्यूटी के लिए नियुक्त हुई पहली महिला टीटीआई बन गई हैं। दार्जिलिंग हिमालयन रेलवे (डीएचआर) रिषभ चौधरी ने बताया कि योलमो ने अपने करियर की शुरुआत रेलवे प्रेस से की थी। उस इकाई के बंद होने तक वहां पूरी निष्ठा के साथ सेवा दी। करियर में आए इस बदलाव से पीछे हटने के बजाय, सरिता ने बेहद सहजता से वाणिज्यिक विभाग में अपनी जगह बनाई और न्यू जलपाईगुड़ी (एनजेपी) में टीटीई के रूप में नई जिम्मेदारी संभाली। आशीष/ईएमएस 14 फरवरी 2026