राज्य
14-Feb-2026


नई दिल्ली (ईएमएस)। पूर्वी दिल्ली के गाजीपुर में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में 76 वर्षीय बुजुर्ग पैक करमाई की मौत हो गई। एनएच-24 पर एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो डिवाइडर से टकराकर फुटपाथ पर चढ़ गई, जिससे पैदल जा रहे बुजुर्ग उसकी चपेट में आ गए। पुलिस ने स्कॉर्पियो चालक श्रेय कुमार को हिरासत में ले लिया है, जबकि वाहन में सवार अन्य लोग फरार हो गए। पुलिस मामले की जांच कर रही है। पुलिस के अनुसार, सुबह करीब छह बजे सड़क दुर्घटना की सूचना थाना गाजीपुर को मिली। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। घटनास्थल पर काले रंग की स्कॉर्पियो कार दुर्घटनाग्रस्त अवस्था में फुटपाथ पर खड़ी मिली। वहीं, एक बुजुर्ग व्यक्ति गंभीर हालत में फुटपाथ पर पड़े मिले, जिन्हें अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। अजीत झा/देवेन्द्र/नई दिल्ली/ईएमएस/14/फरवरी/2026