राज्य
14-Feb-2026


नई दिल्ली (ईएमएस)। दिल्ली में फरवरी में ही अप्रैल जैसी गर्मी महसूस की जा रही है और तापमान 29 डिग्री तक पहुंच सकता है। 17-18 फरवरी को बारिश की संभावना है, जबकि एक्यूआई 164 के साथ हवा खराब श्रेणी में है। दिल्ली- एनसीआर में फरवरी के दूसरे सप्ताह में ही अप्रैल जैसी गर्मी महसूस की जा रही है। लोग कंबल और गर्म कपड़े अब अगली ठंड के लिए रख चुके हैं। वहीं आज यानी 14 फरवरी का अधिकतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। मौसम विभाग के अनुसार 17 और 18 फरवरी को हल्की बारिश की संभावना है, जिसके बाद तापमान में फिर बदलाव देखने को मिल सकता है। वहीं राजधानी दिल्ली का एक्यूआई 164 दर्ज किया गया है, जो खराब श्रेणी में बना हुआ है। दिल्ली- एनसीआर में धीरे-धीरे मौसम का मिजाज बदलता नजर आ रहा है। हाल के दिनों में जहां कड़ाके की ठंड और कोहरे ने लोगों को परेशान किया, वहीं अब मौसम का रुख बदलता नजर आ रहा है। सुबह हल्की धुंध रह सकती है, लेकिन दिन में आसमान साफ रहेगा और धूप तेज महसूस होगी। अगले 24 घंटों में तापमान में बड़ा बदलाव नहीं होगा, हालांकि उसके बाद धीरे-धीरे बढ़ोतरी के संकेत हैं। पिछले 24 घंटों में न्यूनतम तापमान में 1-2 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई। न्यूनतम तापमान 10-12 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 24-27 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा। इस दौरान कहीं भी बारिश नहीं हुई और पश्चिमी दिशा से करीब 15 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से हवाएं चलीं। अजीत झा/देवेन्द्र/नई दिल्ली/ईएमएस/14/फरवरी/2026