क्षेत्रीय
14-Feb-2026
...


कांकेर(ईएमएस)। जिले के चारगांव और मेटाबोदेली माइंस से प्रभावित क्षेत्रों में मूलभूत सुविधाओं की लगातार अनदेखी को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। क्षेत्रवासियों का आरोप है कि समस्याओं के समाधान को लेकर प्रशासन की ओर से आश्वासन तो मिला, लेकिन अब तक जमीन पर ठोस पहल नहीं दिखी। ग्रामीणों के अनुसार करीब तीन महीने पहले शासकीय आदर्श विद्यालय लामकन्हार, अंतागढ़ में आयोजित बैठक में कलेक्टर, सांसद, विधायक और स्थानीय जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में समस्याओं को प्राथमिकता से सुलझाने का भरोसा दिया गया था। इसके बावजूद सड़क, पेयजल, स्वास्थ्य सुविधा, बिजली व्यवस्था और अन्य बुनियादी विकास कार्य अधूरे पड़े हैं। विशेष रूप से कोयलीबेड़ा और अंतागढ़ ब्लॉक के प्रत्यक्ष-अप्रत्यक्ष रूप से प्रभावित गांवों में विकास कार्यों की धीमी गति को लेकर ग्रामीणों ने असंतोष जताया है। उनका कहना है कि तय समय बीत जाने के बाद भी हालात में कोई खास सुधार नहीं हुआ। इसी को लेकर प्रभावित ग्रामीणों ने एसडीएम को ज्ञापन सौंपते हुए चेतावनी दी है कि यदि पांच दिनों के भीतर समस्याओं के समाधान की दिशा में ठोस कार्रवाई शुरू नहीं हुई, तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे। ग्रामीणों ने 17 फरवरी को चक्काजाम और व्यापक आंदोलन की घोषणा भी की है।