क्षेत्रीय
14-Feb-2026
...


धमतरी(ईएमएस)। जिले में मधुमक्खियों के हमलों की घटनाएं लगातार बढ़ती नजर आ रही हैं। ताजा मामला भखारा क्षेत्र के कानामुका गांव के पास सामने आया, जहां शादी से लौट रहे एक बुजुर्ग पर मधुमक्खियों के हमले से उनकी मौत हो गई।पुलिस के अनुसार कोपरा निवासी 55 वर्षीय मोहन साहू अपने रिश्तेदार के यहां जुगदेही गांव में शादी समारोह में शामिल होने गए थे। कार्यक्रम से लौटते समय वे साइकिल से घर जा रहे थे। इसी दौरान कानामुका के पास अचानक मधुमक्खियों ने उन पर हमला कर दिया। हमले से बचने की कोशिश में वे साइकिल से गिर पड़े। मधुमक्खियों के कई डंक लगने से वे गंभीर रूप से घायल हो गए और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। इससे पहले मई 2025 में रुद्री रोड पर 34 वर्षीय मुरली नामक व्यक्ति की मधुमक्खियों के काटने से मौत हो चुकी है। वहीं जनवरी 2024 में नगरी ब्लॉक के बेलरगांव में स्कूली बच्चों पर मधुमक्खियों के हमले में करीब 30 बच्चे घायल हो गए थे, जिन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था