अंतर्राष्ट्रीय
14-Feb-2026
...


-पोलैंड के विदेश मंत्री ने उड़ाया मजाक, भारतीय एक्सपर्ट ने सिकोरस्की को दिखाया आईना वारसॉ,(ईएमएस)। पोलैंड के विदेश मंत्री राडोस्लाव सिकोरस्की ने यूक्रेन युद्ध में रूसी हथियारों को लेकर कहा है कि भारत ने भारी मात्रा में रूसी हथियार खरीदे हैं और रूसी हथियार, यूक्रेन युद्ध में धाराशाई हो रहे हैं। रूसी तेल पर भारत का विरोध करने के बाद, पोलिश विदेश मंत्री अब भारत की डिफेंस खरीदी का मजाक उड़ा रहे हैं। पोलैंड, जिसके पाकिस्तान के साथ संबंध रहे हैं, पिछले महीने उनका भारतीय विदेश मंत्री ने द्विपक्षीय बैठक के दौरान नसीहत दी थी। एस जयशंकर ने पोलैंड को पाकिस्तान के आतंकवाद को लेकर डबल गेम की आलोचना की थी, लेकिन पोलैंड का पाकिस्तान से प्रेम कम होने का नाम नहीं ले रहा है। अब उन्होंने यूक्रेन युद्ध में रूसी हथियारों को लेकर भारत का मजाक उड़ाया है। ये सच है कि यूक्रेन युद्ध में रूसी हथियार धाराशाई हुए हैं, लेकिन उनकी परिस्थितियां अलग हैं। इसी बात को लेकर भारत के पूर्व विदेश सचिव कंवल सिब्बल ने पोलैंड के विदेश मंत्री को आईना दिखाया है। उन्होंने कहा है कि सिकोरस्की रूस का कट्टर दुश्मन है। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक कंवल सिब्बल ने एक्स पर एक पोस्ट में लिखा है कि रूसी मिलिट्री इक्विपमेंट ने भारत के बहुत काम आए हैं। उन्होंने लिखा कि ब्रह्मोस एक जबरदस्त हथियार है। ऑपरेशन सिंदूर के दौरान एस-400 बहुत असरदार साबित हुआ। हमारे रक्षा मंत्री ने और एस-400 एयर डिफेंस सिस्टम खरीदने में सार्वजनिक तौर पर दिलचस्पी दिखाई है। ओरेशनिक समेत रूसी मिसाइलों की रेंज ने यूक्रेन युद्ध में खुद को साबित किया है। अगर रूसी मिलिट्री इक्विपमेंट काम नहीं करते हैं तो यूरोप क्यों कह रहा है, कि अगर रूस यूक्रेन में कामयाब होता है तो इससे यूरोप को खतरा होगा। यह डर क्यों है? सिब्बल ने कहा कि पौलेंड के विदेश मंत्री सिकोरस्की की टाइमलाइन कन्फ्यूज्ड हैं। नॉन-अलाइंड पीरियड के दौरान भारत द्वारा खरीदे गए रूसी हथियार यूक्रेन में कैसे बेअसर साबित हुए? क्या आप अभी भी बीते युग में ही जी रहे हैं। बता दें ऑपरेशन सिंदूर के दौरान भारत के स्वदेशी हथियारों के साथ रूसी हथियारों ने अपनी क्षमताओं का शानदार प्रदर्शन किया था। एस-400 ने 314 किलोमीटर की दूरी से पाकिस्तान के सर्विलांस अवाक्स एयरक्राफ्ट को मारकर विश्वरिकॉर्ड कायम किया है। वहीं, ब्रह्मोस की मार पाकिस्तान कैसे भूल सकता है। ब्रह्मोस मिसाइलों ने ही पाकिस्तान के 11 एयरबेस पर सटीक हमले किए थे। सिराज/ईएमएस 14फरवरी26