- एक गंभीर नागपुर रेफर : भेडाघाट त्रिपुर सुंदरी मंदिर में थी सुहागलें : प्रसाद खाने के बाद उल्टी- दस्त, चक्कर आए जबलपुर (ईएमएस)। विगत दिवस जबलपुर भेड़ाघाट के समीप स्थित त्रिपुर सुंदरी मंदिर में विगत दिवस भेड़ाघाट निवासी पटैल परिवार द्वारा महिलाओं की सुहागलों का कार्यक्रम रखा गया। इस कार्यक्रम में प्रसाद के रूप में लायी गई मिठाई बाद में जिसने भी चखी उसकी ही तबियत खराब होने लगी। स्थिति यह रही कि मिठाई खाने के बाद बेसुध हुए अथवा उल्टी दस्त के पीडितों की संख्या 18 पर जा पहुंची । सभी को अलग अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया जिनमें से एक की हालत गंभीर होने पर उसे जबलपुर से नागपुर रेफर किया गया हैं। मामलें की जानकारी मिलने के बाद प्रशासन, खाद्य विभाग और पुलिस टीम के साथ ही स्वास्थ्य विभाग का अमला भी सक्रिय हो गया। इस संबंध में जिला अस्पताल विक्टोरिया में उपचार कराने पहुंची आरती पटेल निवासी भेड़ाघाट चौराहा ने बताया कि विगत दिवस रिश्तेदारी में सुहागलों का कार्यक्रम हुआ था। जिसके लिए भेडाघाट चौराहे पर स्थित बीकानेर स्वीटस से चार किलो मिठाई खरीदी गई थी। गुरुवार को सुहागलों के दौरान मंदिर में प्रसाद चढ़ाने के बाद सभी महिलाओं ने प्रसाद लिया और फिर अपने परिवार को भी दिया, जिसके बाद पहले बच्चों को एकाएक उल्टी होने लगी, बच्चों को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस तरह एक एक कर 18 लोग पीड़ित हो गए। इनमें से दो लोग भेड़ाघाट स्वास्थ्य केन्द्र में और दो लोग गोटेगांव में और कुछ अन्य आसपास के अस्पतालों में हैं तो वहीं 8 लोगों को जिला अस्पताल जबलपुर में रेफर किया गया है। वहीं आरती पटेल ने बताया कि उनके पति ने प्रसाद की महज एक पीस मिठाई खाई और वह चक्कर खाकर जमीन पर गिर पडे़। अचानक गिरने से उनके सिर में फर्श की चोट लगने से वह अचेत हो गए जिन्हें पहले उपचार के लिए जबलपुर के एक निजी अस्पताल में ले जाया गया। बाद में उनकी हालत गंभीर होने पर नागपुर रेफर किया गया है। फूड प्वाइजनिंग की खबर मिलते ही पुलिस-प्रशासन के साथ खाद्य विभाग हरकत में आया है। अस्पताल पहुंचे घायलों से पूछताछ की जा रही है। चार किलो मिठाई में से बाद में 2 किलो वापस भी की गई: दुकान संचालक............. इस मामले में मिठाई की दुकान चलाने वाले राजस्थान के जोधपुर निवासी सतपाल सिंह ने बताया कि उनकी दुकान से नि: संदेह संबंधित परिवार ने धार्मिक कार्यक्रम के लिए चार किलो मिठाई बुधवार को खरीदी थी जिसमें से उन्होंने बाद में दो किलो वापस भी की है। वह अब तक उसी स्थिति में रखी है। सतपाल ने कहा कि जांच कर्ताओं को वह सौंप दी जाएगी और कार्यवाही में पूरा सहयोग किया जाएगा। दुकान संचालक के अनुसार जांच के बाद सही स्थिति सबके सामने आ जाएगी। अजय पाठक / मोनिका / 14 फरवरी 2026/ 03.31