- प्रेमी जोड़ों को दी समझाइश, पुलिस भी रही सक्रिय जबलपुर (ईएमएस)। शनिवार को कतिपय युवाओं में लोकप्रिय वैलेंटाइन डे के अवसर पर कुछ स्थानों पर हालांकि गहमागहमी का माहौल रहा तो वहीं कुछ प्रेमी जोड़े या तो शहर से बाहर तफरी को निकल गए या फिर उन्होंने हिंदूवादी संगठनों की चेतावनी को ध्यान में रखकर एक दिन पहले ही अपने मन की कर ली। यहां शनिवार को सुबह के समय हिंदू सेवा परिषद के कार्यकर्ताओं ने पाश्चात्य संस्कृति का विरोध करते हुए भंवरताल उद्यान (गार्डन) में मौजूद कुछ प्रमी जोड़ों को बाहर कर गेट पर ताला जड़ दिया और जमकर नारेबाजी की। हिंदू सेवा परिषद के कार्यकर्ता सुबह से ही सक्रिय नजर आए। परिषद के सदस्य नारेबाजी करते हुए भंवरताल गार्डन पहुंचे, जहाँ उन्होंने वैलेंटाइन डे को विदेशी संस्कृति बताते हुए इसका कड़ा विरोध किया। कार्यकर्ताओं का कहना था कि सार्वजनिक स्थानों पर इस तरह के आयोजनों से भारतीय संस्कारों पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है। गार्डन में घूम रहे युगल जोड़ों को कार्यकर्ताओं ने समझाइश दी और वैलेंटाइन डे न मनाने की सलाह दी। इस दौरान संगठन के सदस्यों ने स्पष्ट किया कि सार्वजनिक पार्कों और अन्य स्थलों पर इस तरह की गतिविधियों को स्वीकार नहीं किया जाएगा। प्रदर्शनकारियों ने यह भी अपील की कि 14 फरवरी को ही पुलवामा आतंकी हमले में कई सैन्य जवान शहीद हुए थे लिहाजा आज के दिन को प्रेम पर्व के रूप में नहीं, बल्कि देश के वीर शहीदों की याद में शौर्य दिवस के रूप में मनाया जाए। कार्यकर्ताओं ने युवाओं से पाश्चात्य परंपराओं को छोड़कर शहीदों को श्रद्धांजलि देने का आह्वान किया। अन्य पाकों में भी शनिवार को लगभग शांतिपूर्ण माहौल के बीच हिंदूवादी संगठनों के कार्यकताओं की टोलियां यहां वहां घूमती रहीं। दूसरी ओर पुलिस प्रशासन ने भी किसी तरह के वाद विवाद से निपटने पुख्ता इंतजाम कर रखे थे जिससे कहीं भी विवाद की स्थति नहीं बनी। अजय पाठक / मोनिका / 14 फरवरी 2026