क्षेत्रीय
14-Feb-2026
...


कोरबा (ईएमएस) कोरबा अंचल में एक पारिवारिक विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। चरित्र शंका के चलते पति ने पत्नी, मां और बहन पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। घटना में पत्नी गंभीर रूप से घायल हुई है। कथित आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। जानकारी के अनुसार पति ने कथित रूप से अपनी पत्नी पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। घटना के समय घर में उपस्थित परिवार के अन्य सदस्य बीच-बचाव के लिए आगे आए। मां और बहन ने स्थिति को शांत करने का प्रयास किया, लेकिन उसने उन पर भी हमला कर दिया। अचानक हुए इस हमले से घर में चीख-पुकार मच गई। घटना की आवाज सुनकर आसपास के पड़ोसी तत्काल मौके पर पहुंचे। पड़ोसियों ने साहस दिखाते हुए घर में प्रवेश किया और किसी तरह स्थिति को नियंत्रित किया। इसके बाद घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की गई। गंभीर रूप से घायल पत्नीको जिला मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है। मां और बहन को भी चोटें आई हैं, जिनका उपचार जारी है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम और 108 एंबुलेंस सेवा मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर प्रारंभिक जांच शुरू की। अधिकारियों के अनुसार, प्रथम दृष्टया घटना का कारण दंपत्ति का आपसी विवाद प्रतीत हो रहा है। पुलिस ने त्वरित कार्यवाही करते हुए कथित आरोपी पति को हिरासत में लेकर पूछताछ की। बाद में उसे विधिक प्रक्रिया के तहत गिरफ्तार कर लिया गया। मामले में धारदार हथियार का उपयोग होने के कारण गंभीर धाराओं में अपराध दर्ज किया गया है। 4 फरवरी / मित्तल