- एलपीजी गैस से नहीं चलेंगे स्कूली वाहन : कलेक्टर जबलपुर (ईएमएस)। जिले में यातायात प्रबंधन एवं आगामी मार्च माह में आयोजित होने वाले पुस्तक मेले के संबंध में कलेक्टर राघवेंद्र सिंह की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में जिले के सीबीएसई, आईसीएसई एवं माध्यमिक शिक्षा मंडल, भोपाल से संबद्ध विद्यालयों के प्राचार्य, प्रबंधक एवं संचालकों की बैठक आयोजित की गई। बैठक को संबोधित करते हुए कलेक्टर ने कहा कि सभी विद्यालय यातायात प्रबंधन संबंधी निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करें। आगामी सत्र से 15 वर्ष से अधिक पुराने तथा एलपीजी गैस से संचालित वाहनों का संचालन पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा। सभी विद्यालय बसों में स्पीड गवर्नर अनिवार्य रूप से लगाए जाएं तथा बसों के पीछे विद्यालय का नाम एवं संपर्क नंबर अंकित हो, जिससे निर्धारित गति से अधिक होने पर सूचना दी जा सके। उन्होंने निर्देश दिए कि विद्यालय परिसर में बिना हेलमेट के विद्यार्थियों, अभिभावकों एवं अन्य व्यक्तियों को प्रवेश न दिया जाए। मार्च माह में प्रस्तावित पुस्तक एवं गणवेश मेले में सभी विद्यालय अपनी पुस्तकों एवं यूनिफॉर्म की सहज उपलब्धता सुनिश्चित करें तथा अनावश्यक पीडीएफ भेजकर प्रिंट हेतु बाध्य न करें। कलेक्टर ने नशा मुक्ति जागरूकता कार्यक्रम विद्यालयों में अनिवार्य रूप से आयोजित करने, यातायात नियमों के प्रति विद्यार्थियों में जागरूकता बढ़ाने तथा मानसिक स्वास्थ्य संबंधी नियमित काउंसलिंग कराने के निर्देश दिए। साथ ही मुख्य प्रवेश द्वार पर सीसीटीवी कैमरे, स्टॉपर एवं प्रशिक्षित वालेंटियर की उपस्थिति सुनिश्चित करने पर जोर दिया, ताकि ट्रैफिक जाम की स्थिति न बने। बैठक में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत अभिषेक गेहलोत, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यातायात श्रीमती अंजना तिवारी, क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी संतोष पॉल, जिला शिक्षा अधिकारी घनश्याम सोनी, उप पुलिस अधीक्षक यातायात संतोष शुक्ला, एडीपीसी गौतम बर्बे, विधि प्रभारी कृष्णकांत शर्मा सहित जिले के विभिन्न विद्यालयों के प्राचार्य, प्रबंधक संचालक उपस्थित रहे। सुनील साहू / मोनिका / 14 फरवरी 2026