- डोर टू डोर करदाताओं से संपर्क कर बकाया राशि जमा करने हेतु किया जा रहा प्रेरित कटनी, (ईएमएस)। नगर निगम की आर्थिक स्थिति सुदृढ करने तथा लक्ष्य के अनुरूप राजस्व आय बढ़ाने के उद्देश्य से निगमायुक्त सुश्री तपस्या परिहार लगातार वसूली अभियान की समीक्षा कर रहीं हैं और राजस्व अमले को दिशा निर्देश भी दे रहीं हैं। निगमायुक्त के निर्देश पर निर्धारित लक्ष्य की प्राप्ति के लिए राजस्व अधिकारी जागेश्वर पाठक एवं राजस्व की टीम लगातार मैदान में उतरकर करदाताओं से डोर टू डोर संपर्क कर बकाया करों की राशि निगम कोष में जमा करनें हेतु प्रेरित करते हुए करदाताओं से राशि वसूली जाकर निगम कोष में जमा कराई गई। राजस्व अधिकारी जागेश्वर प्रसाद पाठक ने बताया कि निगम प्रशासन द्वारा नागरिकों की सुविधा को प्राथमिकता देते हुए अवकाश के दिन शनिवार को भी निगम कार्यालय एवं जोन कार्यालयों में कर भुगतान की व्यवस्था नागरिकों को उपलब्ध कराई गई। इसके अतिरिक्त शाम 6 बजे तक नगर के तीन स्थलों विवेकानंद वार्ड खेरमाई माता मंदिर के पास, गजानन कॉम्प्लेक्स के पास एवं बिलैया तलैया सब्जी मंडी में विशेष शिविरों का आयोजन किया जाकर नागरिकों को बकाया कर जमा करने की सुविधा प्रदान की गई। शनिवार को करदाताओं ने शिविर एवं अवकाश के दिन खोले गए कार्यालय के कैश काउंटर की सुविधा का भरपूर लाभ प्राप्त करते हुए बकाया राशि निगम खजाने में जमा की है। उन्होंने निगम के समस्त करदाताओं से 31 मार्च के पूर्व अपने बकाया करों की राशि निगम कोष में जमा करने का आग्रह किया है। नागरिकों की सुविधा के मद्देनजर सोमवार 16 फरवरी को शंभू टॉकीज के पास सरावगी सदन एवं सत्यनारायण मंदिर के सामने शिविरों का आयोजन किया जाकर नागरिकों को बकाया कर जमा करने की सुविधा प्रदान की जायेगी। निगमायुक्त सुश्री तपस्या परिहार द्वारा राजस्व वसूली में गति लाने तथा निर्धारित लक्ष्य की प्राप्ति हेतु संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं। साथ ही नागरिकों से अपील की गई है कि वे निगम प्रशासन द्वारा प्रदान की जा रही सुविधा का लाभ प्राप्त कर समय पर बकाया करों का भुगतान करें तथा शहर के विकास कार्यों में सहभागी बनें। ईएमएस / 14/02/2026