नई दिल्ली (ईएमएस)। आईसीसी पुरुष टी-20 विश्व कप को समर्पित ‘मिस्टर क्रिकेट यूएई’ पॉडकास्ट के दूसरे एपिसोड में इंग्लैंड के पूर्व ऑलराउंडर मोईन अली ने भारत-पाकिस्तान मुकाबले को लेकर कई अहम भविष्यवाणियां कीं। मोईन ने साफ कहा कि भारत के लिए इस हाई-वोल्टेज मैच में सबसे बड़े मैच-विनर जसप्रीत बुमराह और कुलदीप यादव होंगे। उन्होंने कोलंबो स्थित आर. प्रेमदाया स्टेडियम की पिच को स्पिनरों के लिए मददगार बताया, हालांकि उम्मीद जताई कि बड़े मुकाबले को देखते हुए एक संतुलित विकेट तैयार किया जा सकता है। मोईन अली ने कहा कि बल्लेबाजी में सूर्यकुमार यादव पाकिस्तान के लिए सबसे बड़ा खतरा साबित हो सकते हैं। उनके अनुसार, सूर्यकुमार के पास मैच का रुख कुछ ही ओवरों में बदल देने की क्षमता है। वहीं गेंदबाजी में बुमराह और कुलदीप दोनों किसी भी परिस्थिति में मैच जीताने वाले खिलाड़ी हैं। पाकिस्तान टीम संयोजन पर भी मोईन ने खुलकर राय रखते हुए कहा कि टीम को हर हाल में फखर जमान को शामिल करना चाहिए, चाहे इसके लिए बाबर आजम को बाहर ही क्यों न बैठना पड़े। गेंदबाजी में उन्होंने शाहीन अफरीदी और अबरार अहमद को भारत के लिए महत्वपूर्ण खतरा बताया, खासकर अबरार की विविधता भारतीय बल्लेबाजों की परीक्षा ले सकती है। मोईन अली ने अपने चार संभावित सेमीफाइनलिस्ट भी बताए भारत, दक्षिण अफ्रीका, इंग्लैंड और पाकिस्तान। इतना ही नहीं, उन्होंने फाइनल की संभावित भिड़ंत भारत बनाम पाकिस्तान के रूप में देखी। हालांकि मैच के नतीजे पर उन्होंने एक दिलचस्प बयान दिया: “आमतौर पर भारत पाकिस्तान को हरा देता है, लेकिन इस बार मेरा दिल कहता है कि पाकिस्तान जीत सकता है।” डेविड/ईएमएस 14 फरवरी 2026