पांच महीने बाद फिर आमने-सामने भारत और पाकिस्तान -बारिश के हाई-लेवल चांस... मैच पर पड़ सकता है मौसम का असर... कोलंबो(ईएमएस)। भारत और पाकिस्तान की टीमें पांच महीने बाद एक बार फिर क्रिकेट के मैदान पर आमने-सामने होंगी। यह टी20 विश्व कप का सबसे चर्चित मुकाबला होगा जिसे देखने के लिए दोनों देशों के क्रिकेट प्रशंसक काफी उत्सुक हैं। पाकिस्तान ने मैच के बहिष्कार के अपने फैसले पर यू-टर्न लेकर प्रेमादासा स्टेडियम पर यह मैच खेलने का फैसला लिया। वैसे तो विश्व कप में भारत का पलड़ा पाकिस्तान पर भारी रहा है, लेकिन टी20 में किसी भी टीम को हल्के में नहीं लिया जा सकता है। टी20 वल्र्ड कप में भारत बनाम पाकिस्तान का मुकाबला शुरू से चर्चा का विषय बना हुआ है। इस बार की चर्चा खास तौर पर मैच होने-न-होने को लेकर बनी हुई थी। हाल ही में पाकिस्तान ने भारत से खेलने के लिए कई शर्तें भी रखी। कुल मिलाकर मैच कैंसल होने की बातें शुरू से ही हवा पकड़ रही थी। अब यह सबसे बड़ा हाई-वोल्टेज क्लैश रविवार को कोलंबो के आर। प्रेमदासा स्टेडियम में होना है, लेकिन अब इस मैच पर बारिश का साया मंडरा रहा है। मैच के दिन घने बादल और बारिश की संभावना जताई जा रही है। स्काईमेट वेदर के मुताबिक, कोलंबो की गर्म और ह्यूमिड कंडीशंस प्लेयर्स की स्टैमिना और डिसीजन मेकिंग की परीक्षा ले सकती है। आर। प्रेमदासा स्टेडियम की पिच शुरू में बल्लेबाजों को सपोर्ट करने के लिए जानी जाती है, लेकिन मैच जैसे-जैसे आगे बढ़ता है, पिच स्लो हो जाती है। मिडिल ओवर्स में स्पिनर्स का राज देखने को मिल सकता है। ऐसे में पिच के बदलते व्यवहार के साथ एडजस्ट करना और मौसम के बदलावों से निपटना एक बड़ा चैलेंज बन सकता है। हेड टू हेड रिकॉर्ड टी20 विश्व कप में भारत और पाकिस्तान के बीच अब तक आठ बार मुकाबले खेले जा चुके हैं। सात बार टीम इंडिया ने मैच जीता है, जबकि एक बार पाकिस्तान की टीम जीत हासिल करने में सफल रही है। वनडे और टी20 दोनों विश्व कप मिलाकर भारतीय टीम सिर्फ एक बार पाकिस्तान से हारी है। यह मैच 2021 टी20 विश्व कप में खेला गया था, जिसे पाकिस्तान ने 10 विकेट से जीता था। दबदबा बरकरार रखने उतरेगा भारत दोनों टीमों के क्रिकेटरों ने इसे आम मैच बताकर हाइप कम करने की पूरी कोशिश की। लेकिन दोनों टीमों की क्रिकेट प्रतिद्वंद्विता और खासकर इस मैच की पृष्ठभूमि को देखते हुए यह तो तय है कि अब कोई इसे हारना नहीं चाहेगा। हारने पर अपने प्रशंसकों की आलोचना सहना दोनों में से किसी टीम को मंजूर नहीं होगा और वह भी तब जब विश्व कप के अहम मुकाबले अभी आने बाकी हैं। इस वैश्विक टूर्नामेंट में जब भी इन दोनों टीमों का मुकाबला हुआ है तो पारा काफी चढ़ा रहता है। इस बार में कुछ ऐसा ही नजारा देखने की उम्मीद है। भारत और पाकिस्तान की टीमों के बीच जब मुकाबला होता है तो मैदान पर तापमान बढ़ जाता है। दोनों टीमों के खिलाड़ी भी अपनी भावनाओं पर नियंत्रण नहीं रख पाते हैं। वैसे तमाम समीकरणों, टीम संयोजन और कौशल से इतर यह मुकाबला जज्बात पर काबू पाने का है और बाहरी तथा भीतरी दबाव झेलने वाली टीम की विजयी रहेगी। विनोद उपाध्याय / 14 फरवरी, 2026