नई दिल्ली (ईएमएस)। आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 में 15 फरवरी को कोलंबो में होने वाला भारत-पाकिस्तान मुकाबला एक बार फिर करोड़ों दर्शकों की धड़कनें तेज करने वाला है। लेकिन टीम इंडिया के लिए चिंता की सबसे बड़ी वजह बने हुए हैं आक्रामक सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा, जिनकी फिटनेस को लेकर संशय गहरा गया है। अभिषेक हाल ही में वायरल बुखार और पेट में संक्रमण से जूझते रहे, जिस कारण उन्हें कुछ दिनों तक अस्पताल में भर्ती रहना पड़ा और वह नामीबिया के खिलाफ पिछला मुकाबला नहीं खेल सके। टूर्नामेंट के शुरुआती मैच में अमेरिका के विरुद्ध गोल्डन डक पर आउट होने के बाद उनकी तबीयत और बिगड़ गई, जिससे टीम मैनेजमेंट सतर्क हो गया। अब कोलंबो में नेट सत्र के दौरान उनकी स्थिति का विस्तृत आकलन किया जा रहा है, जिसके बाद ही यह तय होगा कि पाकिस्तान के खिलाफ वह खेल पाएंगे या नहीं। टीम इंडिया के लिए यह फैसला बेहद महत्वपूर्ण है, क्योंकि यह मुकाबला सिर्फ अंक तालिका ही नहीं बल्कि प्रतिष्ठा से भी जुड़ा हुआ है। इस बीच ऑस्ट्रेलिया के पूर्व विश्व कप विजेता कप्तान एरोन फ्रिंच ने अभिषेक को लेकर टीम इंडिया को सावधानी बरतने की सलाह दी है। फिंच के अनुसार भारत के पास शीर्ष क्रम में विकल्पों की कोई कमी नहीं है, जहां संजू सैमसन और ईशान किशन जैसे बल्लेबाज अच्छी शुरुआत दिलाने में सक्षम हैं। उन्होंने कहा कि अगर अभिषेक पूरी तरह फिट नहीं हैं, तो जल्दबाजी में उन्हें प्लेइंग इलेवन में उतारने की जरूरत नहीं है। फिंच का स्पष्ट कहना है कि “टूर्नामेंट आप शुरुआती चरण में जीत नहीं सकते, लेकिन इसे शुरुआती गलतियों से हार जरूर सकते हैं,” इसलिए सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ियों को सुपर-8 और नॉकआउट चरणों तक फिट रखना बेहद अहम है। अब कप्तान सूर्यकुमार यादव और मुख्य कोच गौतम गंभीर के सामने बड़ा फैसला है क्या प्रतिष्ठा वाले मुकाबले में जोखिम लिया जाए या दीर्घकालिक रणनीति को प्राथमिकता दी जाए। अभिषेक टीम के साथ कोलंबो में मौजूद हैं और नेट्स में अभ्यास भी कर रहे हैं, जबकि उनके माता-पिता भी उन्हें समर्थन देने के लिए यहां पहुंच चुके हैं। इसके बावजूद टीम प्रबंधन अंतिम फैसला मैच से ठीक पहले ही लेगा। अगर वह पूरी तरह फिट नहीं होते, तो संभव है कि भारत इस मुकाबले में उन्हें आराम देने का कठिन लेकिन समझदारी भरा फैसला करे। डेविड/ईएमएस 14 फरवरी 2026