क्षेत्रीय
14-Feb-2026
...


- गर्ल्स कॉलेज और सड़क डमरीकरण के साथ छात्रसंघ चुनाव भी हो ब्यावरा(ईएमएस) नगर में एनएसयूआई ने छात्रहित से जुड़ी चार प्रमुख मांगों को लेकर एसडीएम के नाम तहसीलदार विनय कुमार को ज्ञापन दिया। यह ज्ञापन एनएसयूआई के विधानसभा अध्यक्ष ईश्वर गुर्जर और नगर अध्यक्ष आशु शर्मा के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं की ओर से दिया गया। संगठन की पहली मांग महाविद्यालयों में वन टाइम फीस (OTF) व्यवस्था लागू करने की है। एनएसयूआई का कहना है कि वर्तमान में अलग-अलग मदों में अलग-अलग समय पर शुल्क वसूला जाता है, जिससे आर्थिक रूप से कमजोर छात्रों को परेशानी होती है। एकमुश्त शुल्क प्रणाली से छात्रों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ नहीं पड़ेगा। दूसरी मांग ब्यावरा में एक पृथक शासकीय गर्ल्स कॉलेज की स्थापना से संबंधित है l एनएसयूआई ने तर्क दिया कि वर्तमान में छात्र और छात्राएं एक ही महाविद्यालय में पढ़ रहे हैं, जिससे भीड़ बढ़ रही है। छात्राओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए उनकी सुविधा, सुरक्षा और उच्च शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए अलग कॉलेज आवश्यक है। तीसरी मांग ब्यावरा मॉडल स्कूल तक जाने वाले मार्ग के डामरीकरण की है। यह मार्ग कच्चा होने के कारण छात्रों को धूल, गड्ढों और बरसात में कीचड़ जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ता है। संगठन ने इस मार्ग का शीघ्र डामरीकरण कराने की मांग की। - महाविद्यालयों में छात्रसंघ चुनाव पुनः बहाल करने की मांग चौथी और अंतिम मांग महाविद्यालयों में छात्रसंघ चुनावों को पुनः बहाल करने की है। एनएसयूआई का मानना है कि छात्रसंघ चुनाव लोकतांत्रिक प्रक्रिया का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं, जो विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता और सामाजिक जिम्मेदारी विकसित करते हैं। ज्ञापन में प्रशासन से इन मांगों पर गंभीरता से विचार कर जल्द सकारात्मक निर्णय लेने का आग्रह किया गया है, ताकि छात्र-छात्राओं को राहत मिल सके। इस अवसर पर पूर्व विधायक रामचंद्र दांगी, जिला पंचायत सदस्य विश्वनाथ दांगी, पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष महेंद्र यादव, शहर अध्यक्ष कपिल शिवहरे, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष राहुल दांगी, पार्षद ज्ञानु विजयवर्गीय, युवा कांग्रेस जिला अध्यक्ष अमन अरोरा, युवा कांग्रेस जिला उपाध्यक्ष शिव दांगी, जिला महासचिव अर्पित शर्मा, फिरोज लाला सहित कई लोग मौजूद रहे। -निखिल /ब्यावरा/14/2/2026