क्षेत्रीय
14-Feb-2026
...


शिवपुरी ( ईएमएस) जिले के करैरा में शनिवार को किले के पीछे स्थित आनंद सागर मंदिर के पास सिद्धन रोड पर दिनदहाड़े एक वकील की गोली मारकर हत्या कर दी गई। बताया जा रहा है कि एडवोकेट संजय कुमार सक्सेना (57) रोज की तरह बाइक से कोर्ट जा रहे थे। इसी दौरान पहले से घात लगाए बैठे बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। ,मृतक घिरियाली मोहल्ला पुराना बाजार के निवासी थे। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि हमलावर पैदल आए थे या किसी गाड़ी से। बताया जा रहा है कि वारदात के कुछ देर बाद उसी सड़क से गुजर रहे एक अन्य वकील की नजर सड़क पर पड़े संजय सक्सेना पर पड़ी। उन्होंने तत्काल स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टर्स ने मृत घोषित कर दिया। एडवोकेट संजय सक्सेना के भाई एडवोकेट कुलदीप सक्सेना ने आरोप लगाया है कि उनके भाई की हत्या गांव सिगदाऊआ के कुछ लोगों ने रंजिश के चलते कराई है। संजय ने गांव में किशोरी जाटव की जमीन का केस लड़ा था, जिसमें किशोरी जाटव जीत गया था। केस हारने के बाद से आरोपी लगातार धमकियां दे रहे थे कि वे आगे उनके खिलाफ कोई केस न लड़ें। उन्हें जान से मारकर फेंक देने की धमकी दी गई थी। इसके बावजूद संजय सक्सेना मिठुआ जाटव के पक्ष में एक अन्य जमीन विवाद का केस लड़ रहे थे। इस जमीन के एक हिस्से पर शिक्षक कमलेश शर्मा का कब्जा बताया गया है। कुलदीप सक्सेना के अनुसार, कमलेश शर्मा केस से हटने या राजीनामा कराने के लिए लगातार दबाव और धमकी दे रहे थे।