क्षेत्रीय
14-Feb-2026
...


- राजदरबार मनोरथ के अलौकिक दर्शन पाकर निहाल हुए वैष्णवजन; देर रात तक जमी रास-गरबा की महफिल इंदौर (ईएमएस)। फागुन मास की रंगत के साथ ही शहर के श्री गोवर्धननाथजी मंदिर में भक्ति का अनूठा उल्लास छा गया है। मंदिर का वातावरण इन दिनों ऐसा प्रतीत हो रहा है मानो साक्षात ब्रज और द्वारिका का वैभव इन्दौर की धरा पर उतर आया हो। उत्सव के दूसरे दिन प्रभु के विशेष श्रृंगार और आयोजनों ने श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। महोत्सव के दूसरे दिन सुबह शुभ यज्ञोपवीत के पावन अवसर पर गृह शांति के विधि-विधान से अनुष्ठान संपन्न हुए। इसके पश्चात शयन समय में प्रभु श्रीगोवर्धननाथजी का राजदरबार मनोरथ पूरी भव्यता के साथ सजाया गया। प्रभु के इस राजसी स्वरूप के दर्शन हेतु न केवल स्थानीय बल्कि अन्य शहरों से आए वैष्णवजनों की भी भारी भीड़ उमड़ी। अबीर-गुलाल के रंगों के बीच पूरा मंदिर परिसर फागुनी आनंद में सराबोर नजर आया। :: ढोल की थाप पर थिरके श्रद्धालु :: राजदरबार मनोरथ के संपन्न होते ही मंदिर प्रांगण उत्सव के रंग में रंग गया। पारंपरिक ढोल की थाप और भजनों की मधुर स्वरलहरियों के बीच भक्तों ने देर रात तक रास-गरबा की भावपूर्ण प्रस्तुतियां दीं। युवा, बुजुर्ग और महिलाएं सभी फागुन के इस अलौकिक उत्सव में एक सूत्र में पिरोए नजर आए। :: आज होगा छाक मनोरथ और सांस्कृतिक संध्या :: आयोजन समिति के रितेश मंत्री, जयकृष्ण नीमा एवं प्रवीण नागर ने बताया कि रविवार को महोत्सव के तीसरे दिन विशेष आयोजन होंगे। शाम को भोग संध्या आरती के समय छाक मनोरथ के दर्शन होंगे। वहीं, शयन दर्शन के उपरांत एक विशाल सांस्कृतिक संध्या का आयोजन किया गया है, जिसमें प्रभु भक्ति पर आधारित विभिन्न प्रस्तुतियां दी जाएंगी। मंदिर समिति ने सभी वैष्णव जनों से इस फागुनी उत्सव का लाभ लेने की अपील की है। प्रकाश/14 फरवरी 2025