फिरोजाबाद(ईएमएस)जनपद के थाना अरांव क्षेत्र में शनिवार को एक भीषण सड़क हादसे में एक ही परिवार के तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक बालिका गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। पुलिस ने तत्काल पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। जानकारी के अनुसार, आज दिनांक 14 फरवरी 2026 को करीब दोपहर 12:30 बजे थाना अरांव क्षेत्रांतर्गत नन्नू राम कोल्ड स्टोरेज (निन्नू मल कोल्ड) के पास मैनपुरी रोड पर एक्सीडेंट की सूचना पुलिस को प्राप्त हुई। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि शिकोहाबाद से मैनपुरी की ओर जा रही एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार का टायर फट गया और वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में कार सवार मैनपुरी जनपद के थाना एलाऊ क्षेत्र के बघेरूआ गांव निवासी वरुण, उनकी पत्नी रचना और दो वर्षीय पुत्र आर्यन सवार थे। दुर्घटना में रचना और आर्यन की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि वरुण गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल अस्पताल भिजवाया गया, जहां उपचार के दौरान उन्होंने भी दम तोड़ दिया। परिवार की एक अन्य बालिका घायल बताई जा रही है, जिसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उसकी हालत पर चिकित्सकीय निगरानी रखी जा रही है। बताया जा रहा है कि परिवार ससुराल से अपने घर वापस लौट रहा था, तभी रास्ते में यह हादसा हो गया। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों की भीड़ मौके पर एकत्र हो गई और क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। पुलिस ने तीनों मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। क्षेत्राधिकारी सिरसागंज अनिवेश कुमार ने बताया कि दुर्घटना तेज गति के कारण वाहन के अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराने से हुई प्रतीत हो रही है। मामले में अग्रिम विधिक कार्यवाही की जा रही है। इस हृदयविदारक हादसे से मृतकों के गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। एक ही परिवार के तीन सदस्यों की असमय मौत से परिजन सदमे में हैं। ईएमएस