क्षेत्रीय
14-Feb-2026
...


गुना(ईएमएस) अनुविभागीय अधिकारी गुना श्रीमति शिवानी पाण्‍डेय द्वारा राजस्व वसूली एवं शासकीय कार्यों में लापरवाही बरतने पर दो पटवारियों को निलंबित कर दिया गया है। नायब तहसीलदार वृत्त म्‍याना द्वारा प्रस्तुत प्रतिवेदन के आधार पर यह कार्रवाई की गई। जारी आदेशानुसार पटवारी श्री राधेश्याम शर्मा द्वारा लक्ष्य के अनुरूप राजस्व वसूली नहीं की गई तथा सीमांकन,सीएम हेल्‍पलाइन, फार्मर आईडी एवं अन्य राजस्व कार्यों में भी लापरवाही पाई गई। इसी प्रकार पटवारी रविंद्र आर्य द्वारा भी निर्धारित लक्ष्य के विरुद्ध अत्यंत कम वसूली की गई और शासकीय कार्यों के प्रति उदासीनता बरती गई। दोनों के विरुद्ध मध्यप्रदेश सिविल सेवा (आचरण) नियम 1965 के प्रावधानों के उल्लंघन का मामला पाया गया। इसके आधार पर मध्यप्रदेश सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) नियम 1966 के तहत प्रदत्त शक्तियों का उपयोग करते हुए दोनों पटवारियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया है। निलंबन अवधि में उनका मुख्यालय कार्यालय कानूनगो शाखा, तहसील गुना नियत किया गया है तथा उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता देय होगा। निलंबन अवधि में संबंधित हल्कों का अतिरिक्त प्रभार पटवारी नवीन रघुवंशी एवं सुनील रघुवंशी को सौंपा गया है।-सीताराम नाटानी