क्षेत्रीय
14-Feb-2026
...


...... शांति समिति की बैठक में सड़क पर जाम, त्योहारों पर व्यवस्था, झूलों को लेकर उठे सवाल.... नर्मदापुरम (ईएमएस)। आगामी दिनों में आयोजित होने वाले धार्मिक त्योहारों को लेकर पुलिस प्रशासन,जनप्रतिनिधियों सहित आमजन, मीडिया की मौजूदगी में सिटी कोतवाली में शांति समिति की बैठक एसडीओपी जितेंद्र पाठक की उपस्थिति में संपन्न हुई। बैठक में विधायक प्रतिनिधि महेंद्र यादव,सिटी मजिस्ट्रेट देवेंद्र प्रताप सिंह, सिटी कोतवाली टीआई कंचन सिंह ठाकुर, विद्युत मंडल जेई यादव सहित पार्षदगण विशेष रूप से मौजूद रहे। शांति समिति की बैठक में महाशिवरात्रि पर व्यवस्थाओं को लेकर हुई चर्चा। साथ ही रोजा माह प्रारंभ, होलिका दहन, होली घूरेड़ी,रंग पंचमी को लेकर भी बैठक में चर्चा हुई। इस दौरान बैठक में वर्तमान में नगर की सड़कों पर लग रहे जाम सहित फल सब्जी के ठेले सहित दुकानदारो द्वारा अपनी दुकाने सड़क तक लगाए जाने से भी सड़क पर अव्यवस्था होने की बात रखी गई। साथ ही 10 फरवरी को मेला समाप्त होने के बाद भी मेले में झूले संचालित होने और बिजली व्यवस्था पर भी सवाल उठे।जिससे बड़ी घटना पर अंदेशा व्यक्त किया गया। इसी प्रकार अवैध शराब का विषय भी उठा। साथ ही शांति समिति की बैठक में नगर के आबकारी उपनिरीक्षक की शामिल किए जाने का विषय उठा। जबरन चंदा उगाही नहीं होने का विषय भी रखा गया। जिस पर एसडीओपी जितेंद्र पाठक ने अवगत कराया कि जबरन चंदा उगाही नहीं होना चाहिए ऐसी स्थिति में कानूनी कार्यवाही की जाएगी। त्योहार पर चालकों द्वारा शराब पीने को लेकर वाहन चेकिंग भी होगी। बच्चों की परीक्षाओं का समय चल रहा है इसीलिए ध्वनि प्रदूषण नहीं होना चाहिए अथवा साउंड सिस्टम जप्त किए जाएंगे। होली के त्यौहार में पेट्रोलिंग होगी और निरंतर पुलिस निगरानी करेगी। इस दौरान बीच बाजार सड़कों पर झूलते हुए तारों का विषय भी संज्ञान में लिया गया। राजीव अग्रवाल, १४ फरवरी, २०२६