क्षेत्रीय
14-Feb-2026


20 तक प्रदेश से हो सकती है नियुक्तियां, युवा दावेदार हुए सक्रिय छिंदवाड़ा (ईएमएस)। प्रदेश में निगम मंडलों की बहुप्रतिक्षित नियुक्तियों के साथ भाजपा के अनुसांगिक संगठन भाजयुमो सहित अन्य मोर्चों में नियुक्तियों का इंतजार हो रहा है। ध्यान रहे युवा मोर्चा के जिला अध्यक्ष कई मोर्चो प्रकोष्ठों में नियुक्तियां होनी अभी बाकी है। महाकौशल अंचल के अहम जिले छिंदवाड़ा में भी इन नियुक्तियों की घोषणा का रास्ता पार्टी और इन वर्गों से जुड़े कार्यकर्ता देख रहे हैं। छिंदवाड़ा राजनीतिक दृष्टि से पिछले कुछ समय से चर्चा का केंद्र रहा है। आने वाले दो वर्षों में फिर महत्वपूर्ण चुनाव होने वाले हैं ऐसे में भाजपा यहां संगठनात्मक ढांचे को और मजबूत करने की तैयारी में है। भाजपा में युवा और सक्रिय कार्यकर्ताओं के लिए भाजयुमो एक मुख्य ईकाई के रूप में काम करता है। इस बार जिलेे में यह पद किसे मिलता है ये देखना है। इसके अलावा किसान मोर्चा,अल्पसंख्यक मोर्चा और पिछड़ा वर्ग मोर्चा में भी स्थानीय सामाजिक समीकरणों को ध्यान में रखते हुए नियुक्तियां की जाएगी। इन नियुक्तियों को लेकर प्रदेश भर के साथ छिंदवाड़ा जिले में भी कार्यकर्ता खासे सक्रिय नजर आ रहे हैं। लंबे समय से पार्टी और पदाधिकारियेां के साथ जुड़े कार्यकर्ता नई जिम्मेदारी की उम्मीद लगाए हुए हैं। माना जा रहा है कि युवा चेहरों को अवसर देने के साथ-साथ अनुभवी नेताओं को भी समायोजित किया जाएगा। चूंकि केंद्र और राज्य दोनों में भाजपा की सरकार है इसलिए संगठन से जुड़ने के लिए कई युवा दावेदारी कर रहे हैं। कुछ स्थानीय पदाधिकारियों तो कुछ भोपाल तक सक्रिय दिख रहे हैं। विधानसभा चुनावों के बाद संगठन को और अधिक सक्रिय व बूथ स्तर तक मजबूत करने की रणनीति के तहत भाजपा जिले में काम कर रही है। ऐसे में अब विभिन्न मोर्चों की जिम्मेदारियों को लेकर भी यही नीति अपनाने की कोशिश की जाएगी। पार्टी के पदाधिकारियेां का कहना है कि अलग-अलग सामाजिक वर्गों और आयु समूहों के बीच पार्टी की पकड़ मजबूत करने के लिए मोर्चों की सक्रिय भूमिका जरूरी है।इस बार नियुक्तियों में क्षेत्रीय संतुलन, सामाजिक समीकरण और सक्रिय कार्यकर्ताओं को प्राथमिकता देने की बात सामने आ रही है। इन संगठनात्मक नियुक्तियों के जरिए भाजपा आगामी नगरीय निकाय और पंचायत चुनावों को ध्यान में रखते हुए जमीनी ढांचे को और मजबूत करने की तैयारी में है।मिली जानकारी के अनुसार 20 फरवरी तक सूची जारी की जा सकती है। ईएमएस/मोहने/ 14 फरवरी 2026