खेल
15-Feb-2026
...


नई दिल्ली (ईएमएस)। भारत की ओर से टी-20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में एक ओवर में सबसे ज्यादा छक्के जड़ने वाले बल्लेबाजों की प्रतिष्ठित सूची में अब ईशान किशन का नाम भी जुड़ गया है। नामीबिया के खिलाफ एक ओवर में उनके चार शानदार छक्कों ने उन्हें उन भारतीय खिलाड़ियों की कतार में खड़ा कर दिया है, जिनके नाम टी20 में एक ओवर में सबसे ज्यादा छक्के लगाने का रिकॉर्ड दर्ज है। इस सूची में सबसे ऊपर हैं दिग्गज बल्लेबाज युवराज सिंह, जिन्होंने साल 2007 टी20 विश्व कप में इंग्लैंड के खिलाफ एक ही ओवर में 6 छक्के लगाकर इतिहास रच दिया था। यह रिकॉर्ड आज तक कोई भारतीय बल्लेबाज नहीं तोड़ पाया है और यह कारनामा विश्व क्रिकेट की सबसे यादगार उपलब्धियों में से एक माना जाता है। दूसरे स्थान पर संयुक्त रूप से तीन भारतीय बल्लेबाज हैं रोहित शर्मा, रिन्कु सिंह और संजय सैमसन। रोहित और रिंकू ने अफगानिस्तान के खिलाफ एक ओवर में 5 छक्के उड़ाए थे, जबकि संजू सैमसन ने बांग्लादेश के खिलाफ 2024 में 5 गेंदों पर 5 छक्के जड़कर इस रिकॉर्ड की बराबरी की थी। चार छक्के लगाने वाले बल्लेबाजों की सूची भी काफी दिलचस्प है। इस ग्रुप में सूर्यकुमार यादव, जिसने हांगकांग के खिलाफ एक ओवर में चार छक्के जड़े, और अक्षर पटेल तथा सूर्यकुमार की श्रीलंका के खिलाफ साझेदारी वाली पारी भी शामिल है। रोहित शर्मा का नाम भी इस श्रेणी में दोबारा आता है, जिन्होंने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ एक ओवर में चार छक्के ठोक दिए थे। अब इसी प्रतिष्ठित सूची में ईशान किशन भी शामिल हो गए हैं। नामीबिया के खिलाफ उनके चार छक्कों वाली पारी ने न केवल भारतीय टीम को मजबूत शुरुआत दिलाई बल्कि उन्हें टी-20 इंटरनेशनल क्रिकेट में एक खास उपलब्धि भी दिला दी। ईशान का यह प्रदर्शन बताता है कि वह टीम इंडिया के लिए कितने आक्रामक और मैच विनिंग खिलाड़ी साबित हो सकते हैं। भारत के इन बल्लेबाजों की यह उपलब्धियां दर्शाती हैं कि टीम के पास कितने विस्फोटक हिटर मौजूद हैं, जो किसी भी समय मैच का रुख पलट सकते हैं। एक ओवर में सर्वाधिक छक्के जड़ने वाले भारचीय बल्लेबाज 6 - युवराज बनाम इंग्लैंड (6 6 6 6 6 6) 5 - रोहित/रिंकू( मिलकर) बनाम अफगानिस्तान (4 6नोबॉल 6 1 6 6 6) 5 - सैमसन बनाम बांग्लादेश (0 6 6 6 6 6) 4 - सूर्या बनाम हांगकांग (6 6 6 0 6 2) 4 - अक्षर/सूर्या (मिलकर) बनाम श्रीलंका (6 6 6 1 6 1) 4 - रोहित बनाम श्रीलंका (1 0 6 व्हाईट 6 6 6) 4 - रोहित बनाम ऑस्ट्रेलिया (6 6 4 6 0 6) 4 - ईशान बनाम नामीबिया (0 6 6 6 6 4)* डेविड/ईएमएस 15 फरवरी 2026