रायगढ़(ईएमएस)। जिले के चक्रधर नगर थाना और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने बालसमुंद नाला के पास ओडिशा के झारसुगुड़ा से गांजा लाकर रायगढ़ में खपाने की तैयारी कर रहे आरोपी को गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपी की कार की डिक्की से 21.378 किलो गांजा बरामद किया। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) के तहत अपराध दर्ज किया गया। पुलिस को दोपहर में पुख्ता सूचना मिली कि एक संदिग्ध वाहन ओडिशा सीमा की ओर से रायगढ़ की तरफ आ रहा है। सूचना के आधार पर पहाड़ मंदिर रोड, बालसमुंद नाला के पास नाकेबंदी की गई। इसी दौरान सफेद रंग की स्विफ्ट डिजायर कार (नंबर CG 13 AM 3522) को रोका गया। वाहन से संदिग्ध गंध आने पर चालक से पूछताछ की गई, जिसमें उसने गांजा होने की बात स्वीकार की। तलाशी लेने पर कार की डिक्की में 20 पैकेट में भरा 21.378 किलो गांजा बरामद हुआ। आरोपी की पहचान अजित सिंह, पुत्र बाबा सिंह (50), वार्ड क्रमांक 7, चांदमारी स्कूल के पीछे, थाना सिटी कोतवाली के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह झारसुगुड़ा से गांजा खरीदकर रायगढ़ में बेचने के लिए ला रहा था। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 2 लाख रुपए मूल्य का गांजा, 8 लाख रुपए की कार और मोबाइल फोन भी जब्त किया। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे रिमांड पर भेज दिया गया। सत्यप्रकाश(ईएमएस)15 फरवरी 2026