- कनकेश्वर से कपिलेश्वर तक उमड़ा जनसैलाब कोरबा (ईएमएस) कोरबा जिले में महाशिवरात्रि का पर्व अत्यंत श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ मनाया गया। कनकी स्थित कनकेश्वर धाम में अर्द्धरात्रि से ही शिवालयों में भक्तों की लंबी कतारें लगनी शुरू हो गई थीं और सुबह होते-होते पूरा वातावरण “हर हर महादेव” के जयघोष से गूंज उठा। कनकेश्वर धाम, कपिलेश्वरनाथ महादेव मंदिर, नर्वदेश्वर महादेव सहित जिले के सभी प्रमुख शिव मंदिरों में श्रद्धालुओं का तांता पूरे दिन लगा रहा। भक्तों ने भगवान शिव का जलाभिषेक कर अपने परिवार की सुख-समृद्धि और विश्व कल्याण की कामना की। महाशिवरात्रि के अवसर पर भक्तों ने बेलपत्र, धतूरा, दूध, दही, शहद और गंगाजल से भगवान भोलेनाथ का विशेष अभिषेक किया। मंदिरों में “ओम नमः शिवाय” के मंत्रोच्चार के बीच लगातार रुद्राभिषेक और पूजा-अर्चना का क्रम चलता रहा। कई जगह भंडारे का भी आयोजन हुआ। दिनभर मंदिर परिसरों में भजन मंडलियों द्वारा शिव भजनों और कीर्तन का आयोजन किया गया। शिव तांडव स्तोत्र, महामृत्युंजय मंत्र और शिव आराधना के भजनों ने भक्तों को भक्ति में सराबोर कर दिया। श्रद्धालु नृत्य-कीर्तन करते हुए भगवान शिव की भक्ति में लीन दिखाई दिए। कनकेश्वर धाम में कोरबा कांवरिया संघ द्वारा श्रद्धालुओं के लिए विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जहां महाप्रसाद वितरण किया गया। भक्तों ने प्रसाद ग्रहण कर सेवा कार्य में भी बढ़-चढ़कर भाग लिया। महाशिवरात्रि के इस पावन अवसर पर पूरे जिले में आस्था, भक्ति और सेवा का अद्भुत संगम देखने को मिला। 15 फरवरी / मित्तल