क्षेत्रीय
15-Feb-2026
...


रायगढ़(ईएमएस)। विशेष चुनाव पुनरीक्षण प्रक्रिया (SIR) में फार्म‑7 के संभावित दुरुपयोग को लेकर कांग्रेस ने कड़ा रुख अपनाया है। जिला कांग्रेस अध्यक्ष शाखा यादव के नेतृत्व में प्रतिनिधि मंडल ने निर्वाचन कार्यालय जाकर जिला निर्वाचन अधिकारी को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में कांग्रेस ने कहा कि एसआईआर प्रक्रिया के तहत सुनवाई और सत्यापन 14 फरवरी तक तय है, लेकिन इस दौरान भाजपा द्वारा सामूहिक रूप से फार्म‑7 भरवाकर मतदाताओं के नाम हटवाने की शिकायतें लगातार मिल रही हैं। कांग्रेस ने इसे लोकतांत्रिक अधिकारों पर सीधा प्रहार बताया। प्रदेश कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष दीपक बैज ने निर्देश दिया है कि फार्म‑7 में प्राप्त सभी आपत्तियों और उनकी अद्यतन स्थिति की PDF जानकारी जिला निर्वाचन अधिकारी से अनिवार्य रूप से प्राप्त की जाए। कांग्रेस का आरोप है कि भाजपा कार्यकर्ता बीएलओ और कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर दबाव डालकर मतदाताओं के नाम हटवाने की कोशिश कर रहे हैं। ऐसे सभी हटाए गए नामों को पुनः सूची में जोड़ा जाएगा और जानबूझकर नाम कटवाने वालों के खिलाफ विधिसम्मत प्राथमिकी दर्ज कराई जाएगी। कांग्रेस ने चेतावनी दी कि सत्ता पक्ष के कुछ कार्यकर्ता अस्तित्वहीन या दिवंगत लोगों के नाम जोड़ने की भी कोशिश कर रहे हैं, जिस पर निगरानी रखी जाएगी और समय सीमा में आपत्ति दर्ज कराई जाएगी। सत्यप्रकाश(ईएमएस)15 फरवरी 2026