रायगढ़(ईएमएस)। जिले के बंगुरसिया धान खरीदी केंद्र में हाथियों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। शनिवार-रविवार की दरमियानी रात तीन हाथियों का दल सुबह लगभग 4 बजे खरीदी केंद्र पहुंच गया और यहां रखी धान की बोरियों को एक-एक कर खाते हुए नुकसान पहुंचाया। वन विभाग की टीम मौके पर पहुंचकर हाथियों को जंगल की ओर खदेड़ने का प्रयास करती रही, लेकिन तब तक हाथियों ने 11 बोरियां धान खा ली थीं। हाथियों के लौटने के बाद ही समिति प्रबंधक और कर्मचारियों ने राहत की सांस ली। जिले में धान खरीदी तो समाप्त हो चुकी है, लेकिन खरीदी गई धान का उठाव पूरी तरह नहीं हो पाया है। खाद्य विभाग के अनुसार अब तक 340 बोरियों से अधिक धान हाथियों के हाथ लग चुकी है। विशेषज्ञों का कहना है कि पिछले खरीदी सीजन में हाथी लगभग 60-80 बोरियों तक नुकसान पहुंचाते थे, जबकि इस वर्ष यह आंकड़ा 6-7 गुना बढ़ गया है। वन विभाग के अनुसार बंगुरसिया क्षेत्र में 31 हाथियों का बड़ा दल सक्रिय है। इस बीच, शनिवार की रात हाथियों ने एक किसान की सब्जी फसल को भी नुकसान पहुंचाया। धान उठाव में देरी का कारण लेबर की कमी बताई जा रही है। वन विभाग लगातार नुकसान का आकलन कर रहा है और हाथियों से बचाव के लिए उठाव तेजी से पूरा करने का प्रयास जारी है। वर्तमान में बंगुरसिया धान खरीदी केंद्र में 1,600 क्विंटल धान का उठाव बाकी है। सत्यप्रकाश(ईएमएस)15 फरवरी 2026