रायगढ़(ईएमएस)। रायगढ़ वनमंडल के तमनार वन परिक्षेत्र में आरक्षित वन क्षेत्र में अवैध कटाई और जेसीबी से कच्चा रास्ता बनाने के दो मामलों में वन विभाग ने कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पहला मामला मड़ियाकछार का है, जहां सुना राम द्वारा अतिक्रमण की नीयत से बहुमूल्य प्रजातियों के पेड़ों की अवैध कटाई और सफाई की जा रही थी। ग्रामीणों की सूचना पर वन टीम मौके पर पहुंची और समझाइश दी, लेकिन आरोपी ने कार्य जारी रखा। वन विभाग ने उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां न्यायालय के आदेश पर उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया। दूसरा मामला छिरवानी परिसर (कक्ष क्रमांक 771) का है, जहां ओडिशा–छत्तीसगढ़ सीमा पर अवैध लकड़ी तस्करी के उद्देश्य से जेसीबी मशीन से कच्चा रास्ता तैयार किया जा रहा था। वन विभाग ने मौके पर पहुंचकर जेसीबी जब्त की और दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ प्रकरण दर्ज किया। आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद उन्हें भी जेल भेजा गया। सत्यप्रकाश(ईएमएस)15 फरवरी 2026