रायगढ़(ईएमएस)। छत्तीसगढ़ के सीमावर्ती जिलों से हो रही मवेशी तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस लगातार निगरानी, गश्त और नाकेबंदी कर रही है। इसी अभियान के तहत पुलिस चौकी जोबी को सूचना मिली कि एक व्यक्ति मोटरसाइकिल से पायलटिंग करते हुए तस्करों के पिकअप वाहन को सुरक्षित निकालने में मदद कर रहा है, जिसमें मवेशियों को क्रूरतापूर्वक लादकर ले जाया जा रहा था। सूचना मिलते ही चौकी प्रभारी एएसआई लक्ष्मी नारायण राठौर ने वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराकर स्टाफ के साथ अटल चौक पर नाकेबंदी की। कुछ देर बाद सक्ती की ओर से आ रही बिना नंबर लाल-काले रंग की होंडा साइन मोटरसाइकिल को रोका गया। चालक ने अपना नाम भूपेंद्र यादव, निवासी सिंगीबहार थाना तपकरा जिला जशपुर बताया। उसके पीछे आ रहे पिकअप वाहन (क्रमांक JH 07 M 0203) को रोककर जांच करने पर चालक पवन राम तथा परमेश्वर यादव मिले। वाहन की तलाशी में 10 नग गौवंश रस्सियों से बंधे हुए पाए गए, जिन्हें कथित रूप से ओडिशा के बूचड़खाने ले जाने की तैयारी थी। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पिकअप वाहन (लगभग 6 लाख रुपये), 10 गौवंश (करीब 2.55 लाख रुपये) और होंडा साइन मोटरसाइकिल (करीब 1 लाख रुपये) सहित कुल लगभग 9.55 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की। आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम की धारा 4, 6, 10, 11 तथा पशु क्रूरता निवारण अधिनियम की धारा 11 के तहत मामला दर्ज कर तीनों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। सत्यप्रकाश(ईएमएस)15 फरवरी 2026