-गूगल, मेटा कर रही छंटनी, चीन की कंपनी कर्मचारियों को बांट रही नोटों के बंडल बीजिंग,(ईएमएस)। दुनियाभर की दिग्गज कंपनियों में जहां छंटनी हो रही है और हजारों लोग अपनी नौकरियों से हाथ धो रहे हैं। वहीं चीन ने सबको हैरत में डाल दिया है। जब गूगल, मेटा और अमेजन जैसी कंपनियां खर्चों में कटौती की बात कर रही हैं, तब चीन की एक मैन्युफैक्चरिंग कंपनी ने अपने कर्मचारियों पर ‘पैसों की बारिश’ कर दी है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो में दावा किया जा रहा है कि चीन की कंपनी ने अपने वर्कर्स को बोनस में नोट की गड्डियां बांटी। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो ने इंटरनेट पर आग लगा दी है, जिसमें नोटों की गड्डियों से बनी लंबी-लंबी दीवारें दिखाई दे रही हैं। दावा किया जा रहा है कि ये कोई बैंक का स्ट्रॉन्ग रूम नहीं, बल्कि कंपनी का दफ्तर है जहां साल के आखिर में बोनस बांटने के लिए नोटों का पहाड़ खड़ा कर दिया गया है। जहां दुनिया भर में एक तरफ बेरोजगारी का डर और वहीं, दूसरी तरफ चीन की एक कंपनी में नोटों का पहाड़ देखकर हर कोई जल-भुना रहा है। मीडिया रिपोर्ट में दावा किया जा रहा है कि ये चीन के हेनान प्रांत की एक मशहूर क्रेन बनाने वाली कंपनी का वीडियो है जिसने इस साल अपने मुनाफे का जश्न कुछ इस तरह मनाया कि देखने वालों के होश उड़ गए। कंपनी ने स्टेज पर करीब 100 मिलियन युआन कैश की ‘दीवार’ बना दी। दावा किया जा रहा है कि कंपनी ने बेस्ट परफॉर्म करने वाले सेल्स मैनेजरों को 5-5 मिलियन युआन नकद बोनस दिया गया। हालत यह थी कि कर्मचारी नोटों के बंडल अपनी गोदी में भी नहीं उठा पा रहे थे। बोनस बांटने के दौरान एक ‘मनी काउंटिंग’ प्रतियोगिता भी रखी गई, जिसमें कर्मचारियों को एक टाइम लिमिट दी गई थी, इस समय में वो जितने नोट गिन पाए उतनी रकम घर लेकर जा सकते थे। कई कर्मचारी लाखों-करोड़ों युआन झोली में भरकर ले गए। हालांकि, कई लोगों को इस वीडियो पर यकीन नहीं हो रहा है और उनका कहना है कि डिजिटल युग में इतना कैश दिखाना केवल एक पब्लिसिटी स्टंट है। ये रियल नहीं हो सकता है। सिराज/ईएमएस15फरवरी26