- 2000 रुपए में बेची थी खरीदार को बाइक, पुलिस की संयुक्त टीम ने की कार्रवाई बिलासपुर (ईएमएस)। सिम्स अस्पताल परिसर से लगातार हो रही मोटरसाइकिल चोरी की घटनाओं का खुलासा करते हुए सिटी कोतवाली पुलिस ने पांच चोरी की गाडयि़ां बरामद की हैं। मामले में दो नाबालिग बालकों को अभिरक्षा में लिया गया है, वहीं चोरी की बाइक खरीदने वाले एक आरोपी को भी गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के अनुसार, सिम्स अस्पताल से लगातार बाइक चोरी की शिकायतें मिल रही थीं। अलग-अलग अपराध दर्ज कर जांच की जा रही थी। इसी बीच 27 जनवरी को सरकंडा थाना क्षेत्र में वाहन चेकिंग के दौरान दो नाबालिग एक एक्टिवा (सीजी12-एजे-5669) को शराब के नशे में चलाते पकड़े गए। ‘सशक्त एप’ से जांच करने पर वाहन चोरी का निकला, जो सिटी कोतवाली थाना के अपराध में दर्ज था। इसके बाद सिटी कोतवाली, सरकंडा थाना और एसीसीयू की संयुक्त टीम ने 17 वर्षीय बालक से पूछताछ की। उसने अपने 15 वर्षीय साथी के साथ मिलकर सिम्स अस्पताल परिसर से कई मोटरसाइकिल चोरी करना स्वीकार किया। ये वाहन किए गए जब्त आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने 5 वाहन बरामद किए। जिसमें एक्टिवा (सीजी12-एजे-5669), पल्सर (सीजी10-एबी-4435), एचएफ डीलक्स (सीजी10-एजी-3732), हीरो होंडा पैशन प्रो (सीजी10-ईके-3906) और एक काले रंग की एक्टिवा (बिना नंबर की) शामिल हैं। आरोपियों ने पैशन प्रो बाइक को सरकंडा निवासी अल्ताफ उर्फ मोमिन (37) को मात्र 2000 रुपये में बेचना स्वीकार किया। पुलिस ने आरोपी खरीददार के खिलाफ धारा 317(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया है। मेला क्षेत्र से भी की चोरी पूछताछ में यह भी सामने आया कि आरोपियों ने नांदघाट-दामाखेड़ा टेमरी मेला क्षेत्र से भी एक काले रंग की एक्टिवा चोरी की थी। मेमोरेण्डम के आधार पर सभी पांच वाहन जब्त कर लिए गए हैं। मनोज राज 15 फरवरी 2026