बिलासपुर (ईएमएस)। छत्तीसगढ़ राज्य युवा आयोग द्वारा आयोजित विश्व-प्रसिद्ध ऐतिहासिक महानाट्य जाणता राजा के द्वितीय दिवस का मंचन अत्यंत भावनात्मक और गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। हिंदवी स्वराज के संस्थापक छत्रपति शिवाजी महाराज के शौर्य, पराक्रम और जनकल्याणकारी शासन पर आधारित इस प्रस्तुति ने दर्शकों में राष्ट्रभावना का संचार कर दिया। महागणपति आरती और शहीदों को श्रद्धांजलि कार्यक्रम की शुरुआत महागणपति की आरती से हुई। इसके बाद पुलवामा में वीरगति को प्राप्त जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उपस्थित जनसमूह ने मौन धारण किया। संवाद, संगीत और मंच-सज्जा ने बांधा समां तीन घंटे तक चले महानाट्य में स्वराज, रामराज्य, न्याय और सामाजिक समरसता का प्रभावी संदेश दिया गया। भव्य मंच-सज्जा, लोकगीतों, भजनों और जीवंत दृश्यों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। तालियों की गडगड़़ाहट से पूरा परिसर गूंज उठा। जनप्रतिनिधियों ने कही प्रेरक बातें पूर्व नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल, विधायक सुशांत शुक्ला, युवा आयोग अध्यक्ष विश्वविजय सिंह तोमर, महापौर पूजा विधानी और पूर्व महिला आयोग अध्यक्ष हर्षिता पांडेय सहित अन्य अतिथियों ने शिवाजी महाराज के आदर्शों को आज भी प्रासंगिक बताते हुए ऐसे आयोजनों को समाज को जोडऩे वाला बताया। मनोज राज 15 फरवरी 2026