बिलासपुर (ईएमएस)। तेलुगू संयुक्त समाज कल्याण समिति द्वारा आगामी 19 मार्च, गुरुवार को तेलुगू नववर्ष उगादी महोत्सव हर्षोल्लास के साथ मनाने का निर्णय लिया गया है। आयोजन शिव-पार्वती गार्डन, बंधवापारा तालाब, इशिका पार्क, हेमू नगर में आयोजित किया जाएगा। इस संबंध में समिति की बैठक संपन्न हुई, जिसकी अध्यक्षता एम.के. पटनायक ने की। बैठक में सह संरक्षक आर. श्रीनिवास राव सहित लगभग 40 सदस्य उपस्थित रहे।समिति अध्यक्ष व्ही. मधुसूदनराव एवं सचिव जे. जगन पटनायक ने जानकारी दी कि कार्यक्रम में नगर विधायक अमर अग्रवाल मुख्य अतिथि एवं महापौर पूजा विधानी विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगी। कोषाध्यक्ष जी. रविकन्ना ने पिछले वर्ष के व्यय का ब्यौरा प्रस्तुत कर इस वर्ष के बजट का आकलन किया। विद्यार्थियों का होगा सम्मान कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्ज्वलन एवं समाज के वरिष्ठजनों के सम्मान से होगी। स्वास्थ्य शिविर, नववर्ष राशिफल वाचन, आयु वर्ग अनुसार खेलकूद प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। 10वीं एवं 12वीं में उत्कृष्ट अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया जाएगा तथा सर्वाधिक अंक लाने वाले छात्र को आर. मधुकर राव स्मृति में नगद प्रोत्साहन पुरस्कार दिया जाएगा। सांस्कृतिक कार्यक्रमों से सजेगी संध्या संध्याकालीन कार्यक्रम में महिलाओं द्वारा गणेश वंदना एवं उगादी पर्व की जानकारी दी जाएगी। बच्चों द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी जाएंगी तथा विजेताओं को अतिथियों द्वारा पुरस्कृत किया जाएगा।बैठक में बी. मोहन राव, के. वेंकट राव, एस. श्रीनिवास राव, एन. संतोष, मदन कुमार नायडू,जी. रविकन्ना उपस्थित रहे। मनोज राज 15 फरवरी 2026