- रबी 2026 में 25 एकड़ में पूसा तेजस किस्म का अग्रिम पंक्ति प्रदर्शन बिलासपुर (ईएमएस)। कृषि विज्ञान केंद्र, बिलासपुर एवं इफको के संयुक्त तत्वावधान में ग्राम हरदीकलाटोना में गेहूं फसल पर ड्रोन तकनीक से 19.19.19 उर्वरक के छिडक़ाव का सफल प्रदर्शन किया गया। रबी 2026 के अंतर्गत केंद्र द्वारा गांव के 23 किसानों के यहां 25 एकड़ क्षेत्र में गेहूं की अग्रिम पंक्ति प्रदर्शन परियोजना संचालित की जा रही है। इसमें अधिक उत्पादन क्षमता वाली बायोफोर्टिफाइड, उच्च जिंक व उच्च प्रोटीन युक्त उन्नत किस्म पूसा तेजस का चयन किया गया है। किसानों को सीड ड्रिल से कतार एवं क्रिस-क्रॉस बुआई, बीज उपचार, 125 किग्रा प्रति हेक्टेयर बीज दर तथा संतुलित खाद व जल प्रबंधन की उन्नत तकनीकों की जानकारी दी गई। इसी क्रम में ड्रोन के माध्यम से 19.19.19 उर्वरक और इफको द्वारा निर्मित नैनो डीएपी का पर्णीय छिडक़ाव कर तकनीक का प्रदर्शन किया गया। ड्रोन तकनीक, कम समय धन की बचत विशेषज्ञों ने बताया कि ड्रोन तकनीक से कम समय में सटीक और समान छिडक़ाव संभव है, जिससे श्रम लागत में कमी और समय व धन की बचत होती है। कार्यक्रम में वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. गीत शर्मा सहित अन्य विशेषज्ञ, इफको के क्षेत्रीय प्रबंधक नवीन तिवारी, कृषि विभाग के अधिकारी एवं किसान उपस्थित रहे। किसानों ने तकनीक की सराहना करते हुए इसे अपनाने की इच्छा जताई। मनोज राज 15 फरवरी 2026