राज्य
15-Feb-2026


कोरबा (ईएमएस) कोरबा-पश्चिम हरदीबाजार क्षेत्र में एक वाहन से गर्भवती महिला शशि सूर्यवंशी की मृत्यु के मामले में ग्रामीणों द्वारा किया गया चक्काजाम अर्ध रात्रि समाप्त हो सका। वाहन मालिक और प्रशासन द्वारा कुल 2 लाख 15 हजार का मुआवजा फौरी तौर पर देना तय हुआ। अब आगे की कार्यवाहीकी जा रही हैं। जानकारी के अनुसार शनिवार को दोपहर मुड़ापार बाजार क्षेत्र में यह घटना भोलाराम सूर्यवंशी के घर हुई थी। बुडग़हन के रास्ते जा रहे हाईवा अनियंत्रित हो एक घर में जा घुसा। शशि सूर्यवंशी नामक महिला इस घटना की चपेट में आयी और उसकी मृत्यु हो गई। परिजनों और ग्रामीणों ने मृतका का शव रखकर कई घंटे प्रदर्शन किया और चुनौतियां खड़ी कर दी। इसके चलते दोनों तरफ से रास्तों पर आवाजाही बाधित रही। सैकड़ों की संख्या में वाहनों की लाइन लगने से परेशानियां बढ़ीं। सीएसपी दर्री विमल पाठक, तहसीलदार राजभानू के अलावा अन्य प्रशासनिक अधिकारी सहित हरदीबाजार, कुसमुंडा और दीपका थाने के टीआई ने यहां पर मोर्चा संभाला। अंतिम रूप से वाहन मालिक ने यहां पहुंचकर मृतका शशि सूर्यवंशी के परिजनों को दो लाख रूपए मुआवजा देना तय किया। वहीं अंतिम संस्कार के लिए प्रशासन की ओर से 15 हजार रूपए दिए गए। इस विकल्प को उचित मानते हुए जाम समाप्त किया गया और आवागमन बहाल किया गया। बताया गया कि मृतका के जीवन बीमा का क्लेम दिलवाने के लिए प्रशासन आगे अपनी ओर से भरपूर सहयोग करेगा। अभी रोजगार को लेकर कोई चर्चा मौके पर नहीं हुई। 15 फरवरी / मित्तल