-पुलिस ने दोनों यात्रियों को हिरासत में लिया, एयरलाइन ने घटना को शर्मनाक बताया तुर्किये,(ईएमएस)। तुर्की से यूनाइटेड किंगडम जा रही जेट-2 की एक फ्लाइट में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई जब यात्रियों के बीच हिंसक झड़प शुरू हो गई। इस घटना के चलते विमान को बैल्जियम डायवर्ट करना पड़ा। यह फ्लाइट जो अंटालिया से मैनचेस्टर जा रही थी उसमें अचानक दो यात्रियों के बीच हाथापाई शुरू हो गई। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि विमान के गलियारे में यात्री एक-दूसरे पर घूंसे बरसा रहे हैं, जबकि आसपास बैठे लोग चिल्लाते नजर आ रहे हैं। एयरलाइन ने इस घटना को “बेहद शर्मनाक और अस्वीकार्य व्यवहार” बताया है। मीडिया रिपोर्ट में जेट2 के मुताबिक झगड़े में शामिल दोनों “डिसरप्टिव पैसेंजर्स” को ब्रसेल्स में विमान से उतार दिया गया, जहां स्थानीय पुलिस ने उन्हें हिरासत में लिया। इसके बाद फ्लाइट ने दोबारा उड़ान भरी और मैनचेस्टर पहुंची। हालांकि अब तक यह साफ नहीं हो पाया है कि झगड़े किस कारण से हुआ। यह घटना गुरुवार की बताई जा रही है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक एक चश्मदीद ने दावा किया है कि उड़ान के दौरान एक पुरुष यात्री ने कथित तौर पर नस्लवादी टिप्पणी की थी, जिसके बाद विवाद हिंसा में बदल गया। यह घटना एक बार फिर फ्लाइट सेफ्टी और यात्रियों के व्यवहार पर गंभीर सवाल खड़े करती है। विशेषज्ञों का कहना है कि ऐसे मामलों में न सिर्फ यात्रियों की जान जोखिम में पड़ती है, बल्कि सैकड़ों लोगों की यात्रा भी प्रभावित होती है। सिराज/ईएमएस15फरवरी26