-सोशल मीडिया पर लोग बच्ची को ‘प्रतिभाशाली’, ‘स्मार्ट निवेशक’ बता रहे हेबेई,(ईएमएस)। चीन में जहां ज्यादातर बच्चे अपनी जेबखर्च और त्योहारों में मिले पैसों को खिलौनों या मिठाइयों पर खर्च करते हैं, वहीं उत्तरी चीन के हेबेई प्रांत के लैंगफांग शहर की एक 10 साल बच्ची ने कम उम्र में ही निवेश की समझ दिखाकर सबको चौंका दिया है। रिपोर्ट के मुताबिक बच्ची ने महज 7 साल की उम्र से सोना खरीदना शुरू कर दिया था। उसकी मां के मुताबिक बच्ची को डर था कि अगर वह नकद पैसा घर में रखेगी तो माता-पिता उसे खर्च कर देंगे। इसी सोच के चलते उसने 2023 से अपने उपहार में मिले पैसों को सोने में बदलना शुरू किया। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक यह खबर प्रकाशित होने के बाद सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गई। बताया गया है कि बच्ची को हर साल लूनर न्यू ईयर के दौरान लाल लिफाफों में करीब 4,000 युआन करीब 580 अमेरिकी डॉलर मिलते हैं। चीन में यह परंपरा है कि वयस्क लोग वसंत उत्सव पर बच्चों और अविवाहित लोगों को लाल लिफाफों में धन उपहार स्वरूप देते हैं, जिन्हें कैंटोनीज में ‘लाई सी’ और मंदारिन में ‘होंग बाओ’ कहा जाता है। जब बच्ची ने पहली बार सोना खरीदा था, तब इसकी कीमत करीब 460 युआन प्रति ग्राम थी। फरवरी 2026 तक यही कीमत बढ़कर करीब 1,100 युआन प्रति ग्राम पहुंच गई। कीमतों में इस उछाल से उसके निवेश का मूल्य भी कई गुना बढ़ गया। रिपोर्ट के मुताबिक बच्ची की मां ने बताया कि उनकी बेटी अब तक करीब 30 ग्राम सोना खरीद चुकी है और उसने अभी तक उसे बेचा नहीं है। वह आगे भी सोना खरीदने की योजना बना रही है। सोशल मीडिया पर लोग इस बच्ची को ‘प्रतिभाशाली’, ‘स्मार्ट निवेशक’ और ‘भाग्यशाली’ बता रहे हैं। कई यूजर्स ने उसकी मां से भविष्य के निवेश की योजना के बारे में भी सवाल कर रहे हैं। इस पर मां ने मजाकिया अंदाज में जवाब दिया कि वह अपनी बेटी से पूछेंगी कि क्या वह अगली बार भी सोने की कीमतों का सही अनुमान लगा सकती है। सिराज/ईएमएस15फरवरी26