-एक भिखारी ऐसा जिसके पास है लाखों की संपत्ति और 3 लग्जरी कारें पुलिस ने वीजा और टिकट दिलाकर भेजने वाले गिरोह पर भी की कार्रवाई शारजाह,(ईएमएस)। रमजान से पहले दुबई में विदेशी, खासकर पाकिस्तानी भिखारियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए दुबई पुलिस ने बड़े पैमाने पर छापेमारी और धर-पकड़ अभियान शुरू किया है। इस दौरान एक ऐसे भिखारी को पकड़ा गया, जिसके पास लाखों की संपत्ति और 3 लग्जरी कारें थीं। संदिग्ध और आपराधिक घटना विभाग के निदेशक ब्रिगेडियर अली सलेम अल शम्सी ने बताया कि ये लोग जनता की उदारता का फायदा उठाकर भीख मांगकर पैसा कमाते हैं। बाजार में तलाशी के दौरान अधिकारियों ने एक भिखारी की चटाई के नीचे 25,000 दिरहम (लगभग 6 लाख रुपए) बरामद किए। एक अन्य एशियाई व्यक्ति, जो टूरिस्ट वीजा पर दुबई आया था, के पास से भी 5 लाख रुपए बरामद हुए। यह व्यक्ति मस्जिदों के पास भीख मांगता था और सहानुभूति जुटाने के लिए अपने दो साल के बच्चे को भी साथ रखता था। शारजाह पुलिस ने परीक्षण के दौरान देखा कि एक घंटे में भीख मांगकर 367 दिरहम (करीब 9,000 रुपए) जुटाए जा सकते हैं। ब्रिगेडियर अल शम्सी ने कहा कि गिरफ्तार लोगों में से 90 फीसद रमजान के दौरान आसान पैसा कमाने के लिए दुबई आते हैं। पाकिस्तान का आया नाम अंतर्राष्ट्रीय स्तर के कई संगठित गिरोह भिखारियों को फ्लाइट टिकट और वीजा दिलाकर दुबई भेजते हैं, जिनमें सबसे अधिक लोग पाकिस्तान के सिंध प्रांत के बताए गए हैं। यूएई और सऊदी अरब ने 2025 में इसी वजह से लगभग 24,000 पाकिस्तानी नागरिकों को निर्वासित किया था। दुबई के कड़े कानूनों के तहत भीख मांगने पर 5,000 दिरहम का जुर्माना और 3 महीने की जेल हो सकती है। विदेश से भीख मांगने वालों को लाने वाले लोगों को कम से कम 6 महीने जेल और 1 लाख दिरहम से शुरू होने वाला जुर्माना भुगतना पड़ता है। हिदायत/ईएमएस 15फरवरी26