- नए सिस्टम की वजह से बदलेगा मौसम; पारे में बढ़ोतरी होगी भोपाल (ईएमएस)। वेस्टर्न डिस्टरबेंस (पश्चिमी विक्षोभ) की वजह से मध्य प्रदेश का मौसम फिर बदल सकता है। मौसम केंद्र भोपाल ने 18 और 19 फरवरी को प्रदेश में बारिश का अलर्ट जारी किया है। इससे पहले दिन और रात का टेम्पेरेचर 2 से 3 डिग्री तक बढ़ा हुआ रहेगा। मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश के उत्तरी हिस्से यानी, ग्वालियर-चंबल और सागर के 8 जिलों में बारिश हो सकती है। इनमें ग्वालियर, श्योपुर, मुरैना, भिंड, दतिया, निवाड़ी, टीकमगढ़ और छतरपुर जिले शामिल हैं। इनसे जुड़े जिलों में बादल रहेंगे। बारिश हुई तो फरवरी में ऐसा तीसरी बार होगा यदि मौसम बदलता है तो फरवरी में तीसरी बार बारिश का दौर रहेगा। इससे पहले फरवरी के शुरुआत में ही प्रदेश में ओले, बारिश और आंधी का दौर रह चुका है। इससे फसलों को खासा नुकसान हुआ था। इसके बाद सरकार ने प्रभावित फसलों का सर्वे भी कराया था। अभी भी सिस्टम एक्टिव, लेकिन असर नहीं मौसम विभाग के अनुसार, वर्तमान में भी एक वेस्टर्न डिस्टरबेंस एक्टिव है, लेकिन इसका पहाड़ी राज्यों में ही असर है। वहां बर्फबारी हो रही है। एमपी में कहीं-कहीं हल्के बादल जरूर है। आज से नया सिस्टम उत्तर-पश्चिम भारत को प्रभावित करेगा। इसमें एमपी भी शामिल हैं। विनोद / 15 फरवरी 26