कोरबा (ईएमएस) सर्ववर्गीय कलार समाज का वार्षिक अधिवेशन पाली केराझरिया स्थित कलार समाज के भवन में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में दूरस्थ अंचल व 11 इकाइयों से बड़ी संख्या में समाज के लोग शामिल हुए। कुलदेवी माता महामाया तथा भगवान सहस्त्रबाहु अर्जुन की प्रतिमा पर धूप-अगरबत्ती के साथ दीप प्रज्जवलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम में स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए। कुलदेवी माता महामाया एवं भगवान सहस्त्रबाहु अर्जुन की स्वास्थ्य मंत्री ने समाज के लोगों के साथ पूजा कर आशीर्वाद लिया। इस अवसर पर अध्यक्ष पाली कटघोरा बृजमोहन डिक्सेना,सर्ववर्गीय कलार समाज अध्यक्ष रामगोपाल डिक्सेना, सचिव कटघोरा पाली परिक्षेत्र देववाल डिक्सेना, सांसद प्रतिनिधि प्रशांत मिश्रा, जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. पवन सिंह, जनपद सदस्य सत्यनारायण पैकरा, अजय जायसवाल नगर पंचायत अध्यक्ष आदि उपस्थित थे। मंत्री श्री जायसवाल ने कहा कि समाज हित के लिए हर प्रयास करें, शिक्षा को विशेष रूप से अपनाने पर जोर देते हुए कहा कि शिक्षित व्यक्ति ही समाज के इतिहास को करीब से जान सकता है। हरसंभव मदद के लिए तथा समाज में समर्पण करने वाले लोगों की मुक्त कंठ से प्रशंसा की। उन्होंने 25 लाख रुपए नए भवन निर्माण के लिए देने की घोषणा की। जिला पंचायत अध्यक्ष ने भी प्रसाधन के लिए 5 लाख की घोषणा की। स्वास्थ्य मंत्री द्वारा समाज में लगातार विशेष योगदान के लिए महाबीर डिक्सेना, नंदलाल जायसवाल, कीर्ति कुमार जायसवाल, दिनेश जायसवाल का शॉल, श्रीफल से सम्मानित किया गया। एक पेड़ मां के नाम के अंतर्गत औषधीय पौधों का रोपण अतिथियों द्वारा किया गया। 15 फरवरी / मित्तल