- शादी समारोह से वापस लौट रहा था बाइक सवार युवक भोपाल(ईएमएस)। गांधीनगर थाना इलाके में स्थित अब्बास नगर में शनिवार-रविवार की दरमियानी रात अज्ञात वाहन की टक्कर से गंभीर रुप से घायल बाइक सवार युवक ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। हादसा उस समय हुआ जब मृतक युवक एक शादी समारोह में शामिल होकर वापस घर के लिए लौट रहा था। मिली जानकारी के अनुसार गांधीनगर टैगोर वार्ड में परिवार सहित रहने वाला मोहित सौदे (32) निजी स्कूल की बस चलता था। मोहित ने 10 साल पहले भोपाल की ही रहने वाली एक युवती से प्रेम-विवाह किया था। उसके सात और दो साल के दो मासूम बेटे है। शनिवार रविवार की दरमियानी रात वह एक शादी समारोह में शामिल होकर देर रात बाइक से वापस घर लौट रहा था। जैसै ही वह अब्बास नगर में स्थित ईस्टर्न पब्लिक स्कूल के पास पहुचां तभी किसी अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। एक्सीडेंट में मोहित गंभीर रूप से घायल हो गया था। वहॉ से गुजर रहे अन्य वाहन चालको ने मोके पर पड़े उसके मोबाइल से नंबर निकाल कर उसके दोस्त को उसका एक्सीडेंट हो जाने की सूचना दी। खबर मिलने पर उसका परिचित युवक मौके पर पहुंचा और मोहित को इलाज के लिये भैंसाखेड़ी के निजी अस्पताल पहुंचाया। वहॉ इलाज के उसकी हालत लगातार नाजूक होती गई आखिरकार रविवार सुबह उसकी मौत हो गई। अस्पताल से मिली सूचना पर पहुचीं पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पीएम के लिये भेज दिया। हादसे के बाद फरार आरोपी वाहन चालक की जानकारी जुटाने के लिये पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे के फुटेज खंगाल रही है। जुनेद / 15 फरवरी